ऊना – अमित शर्मा
यातायात पुलिस गगरेट की चैकिंग के दौरान पंजाब के एक कार सवार को कमिश्नर बताकर पुलिस कर्मियों पर रौब झाड़ना महंगा साबित पड़ा। यातायात पुलिस ने उसकी धमकियों की परवाह किए बिना न सिर्फ गाड़ी का चालान किया बल्कि उक्त व्यक्ति के विरुद्ध सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने के लिए थाने में रिपोर्ट दर्ज की।
बुधवार को यातायात प्रभारी परमजीत सिंह, सुनील कुमार, आरक्षी रफीक मोहम्मद व रोबिन शर्मा चुनावों के दृष्टिगत वाहनों की चैकिंग कर रहे थे। तो आशा मंदिर के पास पंजाब की एक कार (नम्बर पीबी 03 बीके 5077) तेज गति से आई। जिसे रुकने का इशारा पुलिस टीम द्वारा किया गया।
गाड़ी में सवार एक व्यक्ति व गाड़ी चालक पुलिस के साथ बहस करने लगे और मोबाइल से वीडियो बनाने लगे। पुलिस ने जब उन्हें गाड़ी की तलाशी देने व ड्राइविंग लाइसैंस दिखाने को कहा तो गाड़ी सवार व्यक्ति और भड़क गया। उसने पुलिस को कहा कि वह कमिश्नर के पद पर तैनात है और उसकी गाड़ी को चैक करना उन्हें मंहगा पड़ेगा।
यही नहीं वह गाड़ी की चैकिंग न करवाने को लेकर अड़ गया। उक्त व्यक्ति ने कहा कि तुम कमिश्नर की पावर नहीं जानते हालांकि यातायात पुलिस ने उसकी धमकियों की परवाह किए बिना पहले दुर्व्यवहार करने व आदेश की अवहेलना करने पर गाड़ी का चालान किया और खुद को कमिश्नर बताने वाले व्यक्ति के विरुद्ध सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने की रिपोर्ट गगरेट पुलिस थाना में दर्ज करवाई। डीएसपी डाॅ. वसुधा सूद ने इसकी पुष्टि की है।

