
पालमपुर – बर्फू
पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय (पीटीसी) डरोह में रविवार को हुए गोलीकांड की जांच पीटीसी में तैनात पुलिस अधीक्षक करेंगे। प्रथम दृष्टि में मामले की गंभीरता को देखते हुए हेडकांस्टेबल भरत कुमार को सस्पेंड कर दिया गया है।
वहीं टांडा में उपचाराधीन एएसआई किशन की हालत में सुधार बताया जा रहा है। इस बात की पुष्टि डीआईजी पीटीसी डरोह विमल गुप्ता ने की है।
फायरिंग रेंज में फायरिंग टेस्ट के दौरान चली गोली से घायल हुए दो पुलिस कर्मियों मे से हेड कांस्टेबल भरत कुमार को अस्पताल से छूुट्टी दे दी गई है, जबकि एएसआई किशन चंद का टांडा अस्पताल में उपचार चल रहा है। किशन चंद अब खतरे से बाहर बताए जा रहे है।
गौरतलब है कि रविवार को पीटीसी डरोह में अपर क्लास कोर्स के रेंज क्लासिफिकेश्न इवेंट के दौरान बंदूक साफ करते समय गोली चल गई थी, जिससे हेड कांस्टेबल भरत व एएसआई किशन घायल हो गए थे।
पुलिस स्टेशन भवारना के एसएचओ प्रताप सिंह ने बताया कि एक घायल का उपचार चल रहा है। वहीं डीआईजी पीटीसी विमल गुप्ता ने बताया कि बंदूक साफ करते समय हुई लापरवाही के कारण हेड कांस्टेबल को सस्पेंड कर दिया गया है। आगामी जांच के लिए मामला पीटीसी डरोह के एसपी को सौंप दिया है।
