चम्बा – भूषण गुरुंग
पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बकलोह में सोमवार को शिक्षा सप्ताह का शुभारंभ हुआ। विद्यालय के प्राचार्य अनिल कुमार ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित एवं माल्यार्पण कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारम्भ किया।
विद्यालय के प्राचार्य अनिल कुमार ने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 की चौथी वर्षगांठ के अवसर पर शिक्षा मंत्रालय भारत सरकार द्वारा जारी दिशा निर्देशों के अनुसार सात दिनों तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
इन कार्यक्रमों को आयोजित करने का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के उद्देश्यों एवं उठाए गए कदमों से विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को अवगत कराना है।
शिक्षा सप्ताह की इसी कड़ी में सोमवार को शिक्षण अधिगम प्रदर्शनी लगाई गई जिसके तहत शिक्षक को सुगम एवं रोचक बनाने के लिए शिक्षकों एवं विद्यार्थियों द्वारा निर्मित की गई सामग्री प्रदर्शित की गई।
इस दौरान गेंद पास करना एवं ईंटों पर संतुलन बनाकर चलना जैसी अनेक गतिविधियों का आयोजन भी किया गया। कार्यक्रम का संचालन प्राथमिक शिक्षक नवीन कुमार द्वारा किया गया।

