ऊना – अमित शर्मा
हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में डबल मर्डर से सनसनी फैल गई है। सोमवार सुबह पिता और पुत्र को गोली मारकर बीच रास्ते पर मौत के घाट उतार दिया। यह मामला ऊना जिले के हरोली उपमंडल की ग्राम पंचायत भदसाली का है।
जहां मृतकों की पहचान 51 साल के संजीव कुमार और उनके 26 वर्षीय बेटे रविंद्र कुमार के तौर पर हुई है। मृतक ग्राम पंचायत प्रधान के पति और पुत्र थे।

जमीन विवाद में डबल मर्डर
जानकारी के मुताबिक जमीन विवाद में ये डबल मर्डर हुआ है। जमीन विवाद को लेकर सोमवार को दो पक्षों के बीच झगड़ा हुआ। जब झगड़ा बढ़ा तो मौके पर मौजूद एक पक्ष के शख्स ने अपनी लाइसेंसी बंदूक निकाली और दूसरे पक्ष पर फायरिंग कर दी। जिसमें पिता और पुत्र को गोली लग गई।
जिसके बाद पुलिस को मामले की सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पिता और पुत्र को ऊना के रीजनल अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रीजनल अस्पताल ऊना की मोर्चरी में रखवा दिया है। ऊना पुलिस फिलहाल मामले की जांच में जुटी हुई है।

एसपी राकेश सिंह के बोल
मामले की पुष्टि करते हुए ऊना एसपी राकेश सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों में जमीनी विवाद था। इसी विवाद के चलते आरोपी ने गोली मारकर पिता और पुत्र का मर्डर कर दिया।मामले को लेकर मृतकों के परिजनों और अन्य ग्रामीणों के भी बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
मृतक संजीव कुमार की पत्नी के बोल
वहीं, मृतक संजीव कुमार की पत्नी ने कहा कि जमीनी विवाद का मामला था। मेरे बेटे पर पहले आरोपी ने गोली चलाई और बाद में मेरे पति के आने पर उन पर भी गोली चलाकर मौत के घाट उतार दिया।

