
पालमपुर – बर्फू
क्षेत्र में पिछले दिनों हुई ऑनलाइन ठगी के मामले में पालमपुर पुलिस ने एक शातिर को गिरफ्तार किया है। यह शातिर फरीदाबाद (हरियाणा) का रहने वाला है। पकड़े गए शातिर से पुलिस ने 2.10 लाख की नकदी भी बरामद कर ली है। शातिर ने एक व्यक्ति के खाते से 2.55 लाख उड़ा लिए थे।
जानकारी के अनुसार पालमपुर पुलिस थाना में 22 अगस्त को एक ऑनलाइन ठगी का मामला दर्ज हुआ था। इसमें व्यक्ति ने 2.55 लाख की ठगी होने की शिकायत दर्ज करवाई थी। व्यक्ति सुरजीत भाटिया को एक महिला ने पीएमबी मेटलाइ इंश्योरेंस का कर्मचारी बताकर सुरजीत भाटिया से उनकी मेट लाइफ पॉलिसी मेच्योर होने की बात कही थी।
इस पर व्यक्ति को बहला फुसला कर 2,30,600 रुपये अपने खाते में डलवा लिए थे। इसकी शिकायत सुरजीत भाटिया ने थाना में दर्ज करवा दी थी। इस पर पुलिस ने एक शातिर को रौनक गोस्वामी पुत्र महावीर प्रसाद निवासी फरीदाबाद (हरियाणा) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इस शातिर से 2.10 लाख रुपये बरामद भी कर लिए हैं।
पालमपुर में पत्रकारों से बात करते हुए जिला एसपी खुशहाल शर्मा ने इसकी जानकारी दी है। इससे पहले पुलिस ने एक ऑनलाइन ठगी का शातिर विकास महतो झारखंड को भी गिरफ्तार किया है।
एसपी ने कहा कि पालमपुर उपमंडल के तहत थानों में होने वाली चोरियों के मामले में पुलिस ने चोरों को राडार पर ले लिया है। दो चोरों को पुलिस ने भवारना थाने में हुई चोरियों के विभिन्न मामलों में गिरफ्तार भी किया है। इन्हें पहले नगरोटा पुलिस ने गिरफ्तार किया था। उसके बाद भवारना पुलिस इन्हें भवारना ले आई थी।
इस चोर गिरोह में करीब सात लोग शामिल हैं। इसमें एक महिला भी शामिल है। पुलिस ने गिरफ्तार इन चोरों से विभिन्न चोरी की मामलों में अब तक एक किलो चांदी और 75 ग्राम सोना विभिन्न चोरी की मामलों में बरामद किया है।
व्हाट्सएप पर आ रही कॉल की सूचना पुलिस को दें
एसपी ने कहा कि इन दिनों लोगों को व्हाट्सएप पर महिलाओं की कई वीडियो कॉल्स आ रहीं हैं। इससे लोग बेहद घबराए हुए हैं, जिससे वे कोई कदम भी उठा सकते हैं। ऐसे मामले भी उनके पास आए हैं। इस पर उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे इन कॉल्स से घबराएं नहीं। इसकी सूचना पुलिस को दें।
