पठानकोट-मंडी फोरलेन सडक़ का अभी तक मात्र 40 फीसदी हुआ निर्माण कार्य
नूरपुर – स्वर्ण राणा
पठानकोट-मंडी फोरलेन सडक़ निर्माण परियोजना के पहले चरण का निर्माण कार्य अपनी निर्धारित अवधि दो वर्ष में पूरा नहीं हो सका जिससे एनएचएआई की कार्य कुशलता पर सवालिया निशान लगा है।
इस परियोजना के तहत उपमंडल नूरपुर के तहत लगभग 28 किलोमीटर लंबी बनने वाली फोरलेन सडक़ का निर्माण कार्य 18 मई 2022 को शुरू हुआ था और इसे दो वर्ष के भीतर मई 2024 तक पूरा किया जाने का लक्ष्य रखा था, परंतु एनएचएआई इस महत्त्वाकांक्षी फोरलेन सडक़ परियोजना को अपने निर्धातित समय अवधि में पूरा नहीं करवा सकी है, जिससे उसकी कार्यक्षमता पर सवालिया निशान लगे है।
यह फोरलेन सडक़ निर्माण परियोजना अभी तक लगभग 40 प्रतिशत ही बन सकी है, जबकि आधे से ज्यादा बनना अभी शेष है। जानकारी के मुताबिक उपमंडल नूरपुर में कंडवाल से लेकर भेड खड्ड तक लगभग 828 करोड़ की लागत से 28 किलोमीटर लंबा फोरलेन सडक़ निर्माण होना था।
इसमें 14 किलोमीटर क्षेत्र प्लेन हैएसात किलोमीटर ऊंचा-नीचा व सात किलोमीटर क्षेत्र पहाड़ी है। इसमें 4.1 किलोमीटर नूरपुर में बाईपास, लगभग 11 जगहों पर 2.2 किलोमीटर रिएलाइंमेंट होनी है, 900 मीटर एलिवेटेड फ्लाई ओवर बनना है।
चक्की खड्ड पर 520 मीटर लंबा मेजर ब्रिज बनना है और अन्य स्थानों पर दो मेजर ब्रिज बनने है। 15 माइनर ब्रिज व 142 कलबर्ट बनने है, जिसमें से अभी तक 100 कलबर्ट का कार्य चल है व 60 बन चुके है। 15 माईनर ब्रिज में से 13 का कार्य चल है व 6 बन चुके है। दो मेजर ब्रिज का कार्य चल है व चक्की ब्रिज का निर्माण कार्य चल है।
जसूर के फ्लाईओवर व नूरपुर बाइपास का निर्माण कार्य भी जारी है। 14 किलोमीटर प्लेन एरिया में 9 किलोमीटर फोरलेन बन चुका और शेष निर्माण कार्य भी जारी है।
एनएचएआई उप प्रबंधक तुषार सिंह के बोल
इस बारे एनएचएआई के उप प्रबंधक तुषार सिंह ने बताया कि जमीन व भवनों आदि की क्लेयरेन्स समय पर पूरी न होने की बजह से प्रोजेक्ट पूरा होने में देरी हुई है। अब लगभग सभी समस्याएं दूर हो चुकी है और फोरलेन सडक़ मार्ग के निर्माण को जल्द पूरा किए जाने का प्रयास किया जाएगा।
आईआरबी कंपनी के सीजीएम के बोल
फोरलेन सडक़ का निर्माण कर रही आईआरबी कंपनी के सीजीएम ई. हरप्रीत सिंह ने बताया कि अभी तक इस फोरलेन सडक़ का निर्माण कार्य लगभग 40 प्रतिशत पूरा हुआ है और अब ज्यादातर मुशिकलें दूर होने के कारण इसे अब तेजी से पूरा किया जाएगा।
क्यों समय पर पूरा नहीं हुआ काम
निर्माण कार्य समय पर पूरा न हो बारे निर्माण कपनी की ओर से बताया जा रहा है कि इस फोरलेन सडक़ निर्माण में आ रहे भवनों का समय पर मूल्यांकन नहीं हो सका व उन्हें समय पर हटाया नहीं जा सका। समय पर पेड़ नहीं कट सके व बिजली की लाइनें व पानी की पाइप समय पर शिफ्ट नहीं हो सकी जिस कारण निर्माण कार्यों में देरी हुई। चक्की खड्ड में बाढ़ आने से निर्माण कंपनी का समय व मशीनरी चक्की पुल के बचाव कार्यों में लगी रही।

