
मंडी – नरेश कुमार
मंडी जिले के उपमंडल सरकाघाट की तहसील बलद्वाड़ा के तहत नवविवाहिता ने फंदे से झूलकर आत्महत्या कर ली। महिला पति के साथ रहती थी।
शव की पहचान श्रुति देवी पत्नी सन्नी कुमार निवासी गांव व डाकघर धुरखड़ी तहसील बलद्वाड़ा के रूप में हुई है। महिला मूलत: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद शहर की रहने वाली थी। श्रुति और सन्नी के विवाह को केवल तीन महीने हुए थे।
बताया जा रहा है कि श्रुति देवी का परिवार लंबे समय से बारी में रह रहा था और इस दौरान ही वह सन्नी के संपर्क में आई और दोनों की शादी कर दी गई। श्रुति अपने ससुराल धुरकड़ी में रहने लगी।
श्रुति देवी का पति मेहनत मजदूरी करता है और रोज की तरह वह काम पर गया हुआ था। उसके सास-ससुर व जेठ-जेठानी भी प्याज और लहसुन की निराई करने चले गए थे।
जब दोपहर को उसके स्वजन वापस खाना खाने के लिए आए तो उन्होंने श्रुति को दरवाजा खोलने के लिए कहा, लेकिन जब दरवाजा नहीं खुला तो उन्होंने खिड़की से देखा तो श्रुति फंदे से झूल गई थी।
घटना की सूचना मिलने पर मायका पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंचे। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। उधर, डीएसपी तिकलराज सिंह ने बताया कि महिला ने आत्महत्या क्यों कि इसकी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
