
करीब दो करोड़ की लागत से नगरोटा सूरियां में बना पांच मंजिला इंटरप्रिटेशन सेंटर पिछले करीब पांच वर्षों से सफेद हाथी साबित हो रहा है। इस भवन का निर्माण 2017 में वन्य प्राणी विभाग द्वारा एक ठेकेदार से करवाया था।
लंज- निजी संवाददाता
करीब दो करोड़ की लागत से नगरोटा सूरियां में बना पांच मंजिला इंटरप्रिटेशन सेंटर पिछले करीब पांच वर्षों से सफेद हाथी साबित हो रहा है। इस भवन का निर्माण 2017 में वन्य प्राणी विभाग द्वारा एक ठेकेदार से करवाया था। लेकिन ठेकेदार को पूरा भुगतान न होने के कारण उसने इस इंटरप्रिटेशन सेंटर भवन पर ताला लगाया हुआ है।
2015 में पूर्व कांग्रेस सरकार ने इंटरप्रिटेशन सेंटर का शिलान्यास किया था। इसके साथ डिग्री कालेज, टूरिज्म हाट्स तथा उपतहसील कार्यालय का भवन सहित गज खड पर पुल बनाने का भी शिलान्यास किया गया था। लेकिन पुल तथा उप तहसील कार्यालय का अभी कार्य शुरू ही नहीं हो पाया है। जबकि डिग्री कॉलेज और इंटरप्रिटेशन सेंटर बनकर तैयार हो गए हैं।
कालेज का मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर द्वारा मार्च 2021 में उद्घाटन भी कर दिया। लेकिन कानूनी दांव पेंच में फंसा इंटरप्रिटेशन सेंटर भवन का उद्घाटन लटक कर रह गया है। जबकि इस पांच मंजिले भवन में सभी प्रकार की सुविधाएं पर्यटकों के लिए रखी गई हैं। चार वर्ष हो गए इस इंटरप्रिटेशन सेंटर भवन का निर्माण हुए।
इस विषय पर वन मंत्री राकेश पठानिया को भी पता है व वर्तमान जयराम सरकार को बने भी चार वर्ष हो चुके हैं, लेकिन इंटरप्रिटेशन सेंटर भवन की ओर किसी का भी ध्यान नहीं है। जबकि भवन में लाखों रुपये का फर्नीचर व अन्य सामान व वाल पेंटिंग धूल फांक रहे हैं।
