त्रिलोकपुर के पुल गिरने से दूसरे दिन भी बंद रहा पठानकोट मंडी राष्ट्रीय राजमार्ग, लोगों को उठानी पड़ी भारी परेशानी।
कोटला – व्यूरो चीफ
पठानकोट मंडी राष्ट्रीय राजमार्ग पर त्रिलोकपुर के पुल के साथ गिरे हुए डंगे के कारण बंद रहा। शनिवार को दूसरे दिन भी लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
निजी बसें त्रिलोकपुर से वापिस पठानकोट की ओर एवं पुल के दूसरी ओर से वापिस कांगड़ा की ओर आती जाती रही। लोग त्रिलोकपुर पुल को पार कर आते जाते रहे। हलके वाहन कोटला-सोहल्दा-त्रिलोकपुर- 32मील संपर्क मार्ग से आते जाते रहे।
यह सम्पर्क मार्ग भी तंग होने के कारण पूरा दिन इस मार्ग पर भी जाम की स्थिति रही, जिससे लोगो को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। धर्मशाला में विश्व कप मैच के चलते मैच देखने जाने वाले दर्शकों को भी भारी मुश्किल का सामना करना पड़ा।
बताते चलें कि इस पुल का निर्माण वर्ष 2011 में किया गया था, एवं तत्कालीन मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने इस पुल का उद्घाटन किया था। इस समय पठानकोट मंडी राष्ट्रीय राजमार्ग पर फोरलेन का निर्माण कार्य चला हुआ है।
फोरलेन कंपनी द्वारा त्रिलोकपुर में नए पुल निर्माण कार्य के लिए नींव की खुदाई की जा रही है। जोकि इस पुल के बिल्कुल ही पास है।
शुक्रवार शाम को इसी खुदाई के चलते पुल को जोड़ने वाली दीवार धंस गई एवं पुल में की गई भराई गिरनी शुरू हो गई, जिससे इस पुल का एक हिस्सा धंस गया। गनीमत रही कि उस समय इस जगह से कोई गाड़ी नहीं गुजर रही थी, अन्यथा कोई बड़ा हादसा हो जाता।
शनिवार को एनएचएआई के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर पुल का मुआयना किया। एवं इस पुल को शीघ्र ही ठीक कर यातायात व्यवस्था बहाल होने की उम्मीद जताई है।
वहीं इस समय त्योहारों का सीजन चल रहा है और दुकानदारों को इस सीजन से बहुत ज्यादा आय की उम्मीद होती है। अब त्रिलोकपुर में वाहनों की आवाजाही ठप्प हो जाने से व्यापारी वर्ग को व्यापार में मंदे की संभावना नज़र आ रही है।
लोगों का कहना है कि फोरलेन कार्य के चलते हो रहे भारी भूस्खलन के चलते पहले 32 मील के पास कई दिन तक राष्ट्रीय राजमार्ग बंद रहा।
उसके बाद फोरलेन निर्माण कार्य के चलते 32मील त्रिलोकपुर सोहल्दा संपर्क मार्ग पर की गई बहुत ज्यादा कटाई से यह सम्पर्क मार्ग कई मीटर तक धंस गया, जिसे लगभग एक माह के बाद मिट्टी डालकर बहाल किया गया।
अब त्रिलोकपुर में पुल के पास नए पुल की नींव की खुदाई के दौरान पुल को जोड़ने वाली दीवार ढह गई। कोटला क्षेत्र के दुकानदारों ने एनएच विभाग से इस पुल को शीघ्र ठीक करने की मांग की है।

