सिरमौर – नरेश कुमार राधे
हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर की महिला आरटीओ सोना चंदेल व उनकी टीम ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। सड़कों पर कायदे कानूनों को ताक पर रखकर चलने वाले टिप्पर संचालकों पर टीम ने सख्ती से कार्रवाई अमल में लाई है। इस दौरान विभागीय टीम ने करीब 37 टिप्परों पर करीब 9 लाख का जुर्माना ठोका है।
आरटीओ ने सुबह सवेरे 5 बजे दबिश देकर इस कार्रवाई को अंजाम दिया। टीम में एआरटीओ राकेश वर्मा, हरजीत सिंह, धर्मेंद्र और अजय तंवर शामिल रहे। सुबह-सवेरे टीम की दबिश से वाहन चालकों में भी हड़कंप मचा रहा। इस कार्रवाई के दौरान सामने आया कि रेत व बजरी लेकर चलने वाले अधिकतर टिप्पर एक्सल उठाकर चल रहे हैं, जो सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय द्वारा जारी नियमों के खिलाफ है। एक्सल उठाकर चलने वाले ये वाहन सड़कों पर भी नुक्सान पहुंचा रहे हैं। कई वाहन ओवरलोड थे, जबकि कईयों के पास दस्तावेज भी पूरे नहीं थे।
सोना चंदेल, आरटीओ, सिरमौर के बोल
आरटीओ सोना चंदेल ने बताया कि सुबह सवेरे 5 बजे से 11 बजे तक आरटीओ ने कालाअम्ब से पांवटा साहिब तक विभिन्न स्थानों पर नाकाबंदी कर 100 से ज्यादा गाड़ियों की जांच की। कानूनों को ताक पर रखकर चलने वाले 37 टिप्पर संचालकों पर करीब 9 लाख का जुर्माना किया गया है। भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।

