
चम्बा – भूषण गुरुंग
चंबा-किलाड़ मार्ग पर साच दर्रे पर करीब डेढ़ फुट ताजा बर्फबारी हुई है। साच पास पर रुक-रुक कर बर्फबारी का क्रम लगातार जारी है। ताजा बर्फबारी से पांगी घाटी के लोगों की मुश्किलें एक बार फिर से बढ़ गई हैं। उन्हें अब जिला मुख्यालय पहुंचने के लिए करीब 700 किलोमीटर का सफर करना पड़ रहा है।
रविवार को बर्फबारी के कारण रैली ऑफ़ चंबा के प्रतिभागियों को भी वाया पद्धरी जोत होकर चंबा पहुंचना पड़ा था। हालांकि कुछ स्थानीय टैक्सी चालक जोखिम लेकर इस रास्ते से आवाजाही तो कर रहे हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से लोगों को बाया साच पास यात्रा करने के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबंधित किया गया है।
बर्फबारी के कारण बस सेवा भी बंद हो गई है। उपायुक्त डीसी राणा ने कहा कि साचपास में बर्फबारी का क्रम जारी है, जिस कारण यातायात प्रभावित हुआ है। मार्ग को जल्द से जल्द बहाल करने के आदेश जारी कर दिए गए हैं।
