डलहौजी/चम्बा – भूषण गुरूंग
डलहौजी: स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत नगर परिषद डलहौजी ने विभिन्न स्कूलों के सहयोग से सोमवार को एक जन जागरूकता रैली का आयोजन किया। इस रैली को डलहौजी के एसडीएम अनिल भारद्वाज ने मुख्य अतिथि के रूप में हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली का शुभारंभ गांधी चौक से हुआ और यह गर्म सड़क से होते हुए सुभाष चौक पर संपन्न हुई। रैली में नगर परिषद के कर्मचारियों के साथ-साथ विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

छात्रों ने हाथों में स्वच्छता के संदेश लिखी तख्तियां लेकर स्थानीय लोगों को स्वच्छता के महत्व के बारे में जागरूक किया। इस दौरान ‘स्वच्छ डलहौजी, सुंदर डलहौजी’ और ‘स्वच्छता अपनाओ, बीमारियाँ भगाओ’ जैसे नारों से पूरा शहर गूंज उठा।
नगर परिषद के कर्मचारियों और स्कूली विद्यार्थियों ने राहगीरों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक करते हुए कचरा सही स्थान पर डालने और प्लास्टिक के उपयोग को कम करने का संदेश दिया।

