चम्बा – भूषण गुरुंग
चुराह उपमंडल में तरवाई पुल के समीप वाहन दुर्घटना में शहीद हुए हैड कांस्टेबल प्रवीन टंडन को उनके पैतृक गाँव ओसल में हजारों की संख्या में लोगों ने नम आँखों से अंतिम विदाई दी।
प्रवीन टंडन का ओसल स्थित चमलाड़ी में बने शांति स्थल पर पुरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान वहां पर सैंकड़ों की तादाद में लोगों ने पहुँच कर प्रवीन टंडन को अंतिम विदाई दी।
शव यात्रा में परिजन के साथ एसपी चंबा अभिषेक यादव सहित पुलिस कर्मियों ने भी अर्थी को कंधा दिया। इसके पश्चात् पुलिस टुकड़ी द्वारा पुरे सम्मान के साथ प्रवीन टंडन को सलामी दी ।

बता दें कि ओसल पंचायत के मध्यमवर्गीय परिवार से संबंध रखने वाले प्रवीण टंडन बचपन से ही आज्ञाकारी और अपने कार्य के प्रति पूर्ण रूप से ईमानदार थे। अल्प आयु में ही उन्होंने पढ़ाई को पूरा करते हुए वर्ष 2009 में हिमाचल प्रदेश पुलिस में बतौर सिपाही अपनी सेवाएं देना शुरू कर दिया था।
अपने कार्यकाल के दौरान इन्होंने अनेकों जगहों पर अपनी सेवाएं दी और अपने हंसमुख स्वभाव के कारण हर किसी का प्यार और सम्मान पाया। प्रवीण टंडन के पिता तिलकराज लोक निर्माण विभाग में कार्यरत थे जो अब रिटायर हो चुके हैं। माता लच्छी देवी एक साधारण घरेलू महिला है।

अपने बेटे को खो देने का अभी भी उन्हें यकीन नहीं हो रहा। पत्नी सुनम के साथ दो बच्चों सहित प्रवीण का हंसता खेलता परिवार एक इस हादसे में उजड़ गया है और परिवार को कभी ना मिटने वाला जख्म दे गया है। इस हादसे से परिवार ही नहीं बल्कि पूरा क्षेत्र गहरे सदमे में है।

