
सोलन में कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी के समक्ष टिकटार्थियों ने अजीब ढंग से रखा पक्ष
सोलन – रजनीश ठाकुर
कांग्रेस के टिकट आबंटन के लिए नियुक्त स्क्रीनिंग कमेटी के सदस्यों के समक्ष गुरुवार को फील्ड रिपोर्ट व सर्वे के आधार पर नहीं, अपितु स्कूल क्लास रूम की तरह हाथ उठाकर समर्थन जताते हुए दावे होते रहे। सोलन व सिरमौर जिला की दस विधानसभा सीटों से कांग्रेस का प्रत्याशी कौन होगा, इसके लिए राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी द्वारा नियुक्त स्क्रीनिंग कमेटी के एक सदस्य उमंग सिंगर गुरुवार को सोलन पहुंचे थे। इसके लिए सभी दस विधानसभा क्षेत्रों से इच्छुक उम्मीदवारों को सोलन बुलाया गया था।
स्क्रीनिंग कमेटी के सदस्य के समक्ष स्थिति उस समय हास्यास्पद हो गई कि जब कई विधानसभा क्षेत्रों से आए प्रत्याशियों ने अपने समर्थकों से हाथ खड़े करवाने शुरू करवा दिए। बड़ी राजनीतिक पार्टियां जहां पार्टी टिकट आबंटन के लिए गुप्त सर्वे व फील्ड रिपोर्ट के आधार पर प्रत्याशियों को मैदान में उतारने के लिए अपनी सूची तैयार कर रही हैं,
वहीं कांग्रेस में विचित्र सी उत्पन्न स्थिति की हर ओर चर्चा है। अपना पक्ष मजबूत रखने को उम्मीदवारों ने स्क्रीनिंग कमेटी के समक्ष ही अपने समर्थकों से समर्थन के नाम पर हाथ खड़ा करने की अपील शुरू कर दी। इस दौरान कई समर्थकों ने तो एक ही नहीं, बल्कि दोनों हाथ खड़े कर दिए।
बैठक में पच्छाद सीट को लेकर जमकर हंगामा
सूत्रों के अनुसार स्क्रीनिंग कमेटी के समक्ष वर्तमान विधायकों ने एक ही नाम भेजने का आग्रह किया है, जबकि पूर्व विधायकों के साथ कई अन्य प्रत्याशियों के नाम भी राष्ट्रीय अध्यक्ष को सौंपे जाएंगे। पच्छाद सीट पर खूब हंगामा हुआ। यहां मुकाबला पूर्व मंत्री गंगू राम मुसाफिर व दयाल प्यारी के बीच बताया जा रहा है।
दून निर्वाचन क्षेत्र से रामकुमार चौधरी, मदन चौधरी, राजेश वर्मा, अच्छर पाल, बबलू पंडित के अतिरिक्त गुरुवार को जिलाध्यक्ष शिव कुमार ने भी ताल ठोंक दी है। इसी तरह नालागढ़ से अब हरदीप बाबा के मुकाबले एडवोकेट आदित्य ढिंढोरा का नाम सशक्त रूप से सामने आ गया है।
सोलन से सबसे अधिक 11 इच्छुक लोगों ने पार्टी टिकट के लिए इच्छा जताई है। अर्की से वर्तमान विधायक संजय अवस्थी का टिकट हालांकि पक्का माना जा रहा है, परंतु यहां से भी दो उम्मीदवारों ने कांग्रेस की टिकट पर दावेदारी जताई है।
इसी तरह सिरमौर जिले की भी पांचों सीटों की रिपोर्ट तैयार करके राष्ट्रीय अध्यक्ष दीपादास मुुंशी की अध्यक्षता में 15 सितंबर को होने वाली स्क्रूटनी मीटिंग में रखा जाएगा।
