
काँगड़ा- राजीव जस्वाल
हिमाचल प्रदेश के जिला काँगड़ा की विधानसभा क्षेत्र नगरोटा बगवां के तहत पंचायत रजियाना निवासी 30 वर्षीय सुरेश कुमार की दिल्ली में हत्या के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। सुरेश कुमार की पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। सुरेश कुमार दिल्ली में काम करता था। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव रघुवीर सिंह बाली ने बुधवार को सुरेश कुमार की पत्नी व स्वजन से बातचीत कर संवदेना जताई।
रघुवीर सिंह बाली ने दिल्ली के वरिष्ठ आइपीएस अधिकारी संजय भाटिया, जिला कांगड़ा पुलिस प्रमुख खुशहाल शर्मा व थाना विकासपुरी दिल्ली के एसएचओ मधुकर से बातचीत कर मामले की उचित जांच व दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई है। पुलिस अधिकारियों ने जांच का आश्वासन दिया है।
बकौल रघुवीर, हिमाचल सरकार को इस घटना पर संज्ञान लेते हुए राज्य के बाहर कार्य करने वाले प्रदेश के लोगों की सुरक्षा के लिए हरसंभव प्रयास करने चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाने के साथ-साथ रोजगार भी मुहैया करवाए।
