
परागपुर- आशीष कुमार
कैप्टन संजय ने जसवां-परागपुर क्षेत्र के किसानों व पशु पालकों की आय दुगनी करने के लिए अभियान छेड़ दिया है। इस प्राेजेक्ट के तहत पराशर द्वारा किसानों के दुधारू पशुओं का निशुल्क बीमा भी करवाया जा रहा है। इसके अलावा पशु पालन व्यवसाय से जुड़े किसानों को इसी माह पराशर हरियाणा के करनाल स्थित नेशनल डेयरी रिसर्च इंस्टीच्यूट का दौरा भी करवाएंगे। वहां किसानों काे पशुओं की उत्तम नस्लों की जानकारी और दूध उत्पादों से आय कैसे बढ़े, के बारे में भी प्रधान वैज्ञानिक अवगत करवाएंगे।
दरअसल जसवां-परागपुर क्षेत्र में किसानों व पशु पालकों की आय बढ़ाने के लिए संजय ने प्रारूप तैयार कर लिया है। खेती को लेकर कृषि विश्वविद्यालय, पालमपुर से संपर्क साधकर उन्होंने उत्तम बीजों, मिट्टी की सैंपलिंग और कृ़षि के आधुनिक तरीकों से खेती करने के साथ इस क्षेत्र के किसानों के साथ भी विस्तृत चर्चा की है।
वहीं, दुग्ध उत्पादन से किसानों की आय बढ़ाने के लिए भी संजय ने प्रयास तेज कर दिए हैं। किसानों के लिए रक्कड़ क्षेत्र में डेयरी उद्योग लगाने की संजय की योजना है। पशु धन के बीमा को लेकर भी संजय ने बड़ी पहल की है। किसान व पशु पालक किसी दुधारू पशु की असमय मौत पर आर्थिक तौर पर इतने सक्षम नहीं होते हैं कि वे नया पशु खरीदकर अपनी गौशाला में बांध सकें। इसके बाद किसानों की आय के साधन घट जाते हैं और फिर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर नहीं भी हो पाते हैं।
