चम्बा – भूषण गुरुंग
मानसून के दौरान वर्षा जल के संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नगर परिषद चंबा द्वारा ‘कैच द रेन’ अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने शहर में लोगों को वर्षा जल संचयन के महत्व के प्रति जागरूक करते हुए संदेश दिया कि “इस बारिश, आइए जुड़ें ‘कैच द रेन’ अभियान से, लें जल संचय का संकल्प… क्योंकि जल है तो कल है।”
कार्यक्रम के दौरान जल संरक्षण से जुड़े संदेशों वाले पोस्टर प्रदर्शित किए गए और आमजन से अपील की गई कि वे अपने घरों, संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर वर्षा जल संचयन की व्यवस्था अपनाएं।
अधिकारियों ने कहा कि तेजी से घटते भूजल स्तर और बढ़ती जल समस्या को देखते हुए वर्षा जल का संरक्षण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
नगर परिषद ने लोगों से आह्वान किया कि वे जल की प्रत्येक बूंद का महत्व समझें और “कैच द रेन” अभियान से जुड़कर जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।

