मिशन-2022 की तैयारियों में जुटी प्रदेश कांग्रेस पार्टी निष्क्रिय पदाधिकारियों को बाहर का रास्ता दिखाएगी। ऐसे विधानसभा क्षेत्र जहां पर पार्टी पिछले दो से तीन चुनाव हार चुकी है वहां पर नए चेहरे को टिकट देकर चुनावी मैदान में उतारा जाएगा।
शिमला, जसपाल ठाकुर
मिशन-2022 की तैयारियों में जुटी प्रदेश कांग्रेस पार्टी निष्क्रिय पदाधिकारियों को बाहर का रास्ता दिखाएगी। ऐसे विधानसभा क्षेत्र जहां पर पार्टी पिछले दो से तीन चुनाव हार चुकी है वहां पर नए चेहरे को टिकट देकर चुनावी मैदान में उतारा जाएगा।
युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, इंटक, सेवादल सहित पार्टी के अन्य विभागों के सक्रिय पदाधिकारियों को 2022 के चुनावों में चेहरा बनाकर चुनावी मैदान में उतारा जाएगा। प्रदेश कांग्रेस, जिला व ब्लॉक स्तर के पदाधिकारियों से लिए फीडबैक के आधार पर पार्टी ने इसकी रिपोर्ट तैयार कर ली है। जल्द ही इस रिपोर्ट को पार्टी हाईकमान को सौंपा जाएगा।
सूत्रों की माने तो प्रदेश के तीन जिला अध्यक्षों सहित 15 ब्लॉक अध्यक्षों की भी छुट्टी लगभग तय है। इनके स्थान पर नए अध्यक्ष बनाए जाएंगे ताकि आगामी चुनावों के लिए जिला व ब्लॉक स्तर पर पार्टी को और मजबूत किया जा सके।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी, जिला, ब्लॉक से लेकर अग्रणी संगठनों और अन्य विभागों के सभी पदाधिकारियों की परफॉर्मेंस पर पार्टी की पूरी नजर है। हर पदाधिकारी की वर्किंग का आंकलन किया जा रहा है। इसके आधार पर आने वाले दिनों में संगठन में कई अहम बदलाव होंगे।
सूत्रों की माने तो बेहतरीन परफॉर्मेंस वालों का पार्टी में कद बढ़ाया जाएगा जबकि निष्क्रिय पदाधिकारियों को हटाया जाएगा।
राठौर के अध्यक्ष रहते खत्म हुई गुटबाजी
पदाधिकारियों ने बैठक में यह खुलकर कहा कि कुलदीप सिंह राठौर के अध्यक्ष बनने के बाद पार्टी में गुटबाजी पर अंकुश लगा है। जमीनी स्तर पर भी संगठन मजबूत हुआ है। संगठन के कार्यक्रमों को गति मिली है और लोगों का भी साथ मिल रहा है।
7 दिवसीय दौरे का फीडबैक लेकर दिल्ली लौटे संजय दत्त
कांग्रेस सह प्रभारी संजय दत्त एक सप्ताह के हिमाचल दौरे के बाद वीरवार को वापिस दिल्ली लौट गए। बुधवार और वीरवार दोपहर तक उन्होंने शिमला में पदाधिकारियों के साथ बैठकें की। बैठकों का पूरा फीडबैक लेकर वह दिल्ली लौटे हैं।
अपने प्रदेश के दौरे की रिपोर्ट वह पार्टी प्रभारी राजीव शुक्ला, पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल को सौंपेंगे। उप चुनावों की तैयारियों को लेकर कांग्रेस कितनी तैयार है और आगामी विस चुनावों के लिए संगठन को कितना मजबूत करने की जरूरत है इस का पूरा ब्यौरा उन्होंने अपनी रिपोर्ट में शामिल किया है।