
देहरा- आशीष कुमार
डाडासीबा पुलिस चौकी के तहत पंचायत जंबल के गांव ठेहडू वार्ड नंबर तीन में रविवार सुबह 34 वर्षीय शादीशुदा युवक का संदिग्ध हालात में शव बरामद हुआ है। सुभाष चंद पुत्र रत्न चंद पंचायत जंगल के गांव ठेहडू के वार्ड नंबर तीन का ही निवासी था।
सुभाष गांव नंगल चौक में हेयर ड्रेसर की दुकान करता था। उक्त युवक की मौत कैसे हुई यह तो पुलिस के लिए जांच का विषय है। बताया जा रहा उक्त व्यक्ति की लाश उसके घर के समीप स्थित मंदिर के पास मिली है।
मृतक के माता-पिता नहीं है और इनकी पत्नी मायके गई हुई थी। घर पर वह अकेला ही था। वहीं इसके दो बच्चे हैं। लड़का छह साल का और लड़की डेढ़ वर्ष की है। गांव के लोगों ने इसे सुबह उक्त शिव मंदिर के करीब रास्ते में पड़े हुए देखा तो इसकी सूचना डाडासीबा पुलिस को दी।
जानकारी मिलते ही डाडासीबा पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेते हुए उक्त व्यक्ति को तुरंत 108 एंबुलेंस की सहायता से डाडासीबा सिविल अस्पताल पहुंचाया। वहां पर चिकित्सकों ने इसे मृत घोषित कर दिया। चौकी प्रभारी डाडासीबा किशोर चंद ने बताया शव को पोस्टमार्टम के लिए देहरा भेज दिया गया ।
डीएसपी देहरा चंद्र पाल ने कहा कि पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है। पंचनामे के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस हर बिंदू से छानबीन कर रही है।
