
व्यूरो रिपोर्ट
पुलिस थाना गगरेट के अंतर्गत गांव दियोली में एक युवक का शव फंदे से लटका हुआ बरामद हुआ है। पुलिस को फंदे पर शव लटके होने की सूचना ग्राम पंचायत प्रधान ने दी है। पुलिस मौके पर पहुंच कर शव का मुआयना किया। युवक का शव दियोली के मुहल्ला चड्डेया वार्ड नंबर सात के जंगल मे मिला है।
जानकारी के अनुसार स्थानीय लोगों ने शव की पहचान कर ली है। यह युवक गांव घनारी का निवासी है और बैंड बाजा बजाने का कार्य करता था। यह युवक पिछले छह सात दिन से घर से लापता था। युवक के गले में फंदा है और पेड़ से लटका हुआ है हालांकि अभी इस विषय पर जांच होना बाकी है कि युवक ने आत्महत्या की है या फिर किसी ने हत्या की है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार यह युवक मानसिक और आर्थिक दोनों तरह से परेशान चल रहा था, क्योंकि इसके बेटे के दिल में छेद था और पिछले लंबे समय से कारोबार बंद था। हालांकि यह अभी तक जांच का विषय है कि इसकी मौत के क्या कारण रहे। युवक की पहचान नरेश कुमार पुत्र देशराज निवासी घनारी के रूप में हुई है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी मनोज वालिया ने बताया कि पुलिस टीम मौके पर गई है और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
