चुवाड़ी-लाहडू मार्ग पर बड़ी गाडिय़ों की आवाजाही बंद होने से कस्बे में नहीं पहुंच रही सामग्री
चम्बा – भूषण गुरुंग
चुवाड़ी-लाहडू मार्ग पर परापला प्वाइंट पर मार्ग का दलदला बना रहना विभाग के लिए सिरदर्द बन चुका है। इसके चलते चुवाड़ी-लाहडू मार्ग पर बड़े वाहनों की आवाजाही बंद रहने से कस्बे में सिमित संसाधनों के रहने से रसोई गैस, पेट्रोल सहित भवन निर्माण सामग्री की किल्लत गहराने लगी है।
बता दें कस्बे के सरकारी पेट्रोल पंप पर पेट्रोल पूरी तरह से खत्म हो चुका है। वहीं रसोई गैस को लेकर एजेंसी संचालक का कहना है कि उनके यहां भी करीब सात दर्जन रसोई गैस सिलेंडर बचें हुए हैं।

वहीं भवन निर्माण सामग्री के विक्रेताओं का कहना है कि चुवाड़ी-लाहडू मार्ग पर बड़े वाहनों की आवाजाही अवरूद्ध रहने से निर्माण सामग्री कस्बे तक नहीं पहुंच पा रही है।
उधर लोक निर्माण विभाग का कहना है कि छोटे वाहनों को लेकर मार्ग को बराबर खोला जा रहा है लेकिन बड़े वाहनों के लिए मार्ग अभी तक पूरी तरह से तैयार नहीं है। विभाग का कहना है कि हल्के बड़े वाहनों में बसों को निकाला जा रहा है। वहीं बड़े वाहनों का मार्ग से गुजरना खतरे से खाली नहीं है।
उधर लोक निर्माण विभाग चुवाड़ी के एसडीओ विवेक कुमार का कहना है कि मौसम अगर साथ देता है तो बड़े वाहनों की आवाजाही संभव हो पाएगी।

