चम्बा – भूषण गुरुंग
चंबा मे सरकारी भूमि से कशमल की जड़ें निकालने पर वन विभाग ने ठेकेदार को 1.20 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। साथ ही वन भूमि से अवैध रूप से निकाली गईं 25 क्विंटल की जड़ें भी जब्त की हैं। पकड़ी गई 25 क्विंटल कशमल की जड़ों की कीमत चार से पांच लाख रुपये के बीच बताई जा रही है।
वन विभाग की टीम ने रविवार रात को जंगल में दबिश देकर यह कार्रवाई की है। चार लोगों को जंगल की ओर कटर ले जाते पकड़ा, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी कटर वहीं फेंककर मौके से फरार हो गए।
वन विभाग की टीम ने कटर जब्त कर लिए हैं। विभागीय टीम को पूरा शक है कि रात के अंधेरे में इन कटराें का इस्तेमाल जंगल से अवैध रूप से पेड़ों के कटान के लिए किया जाना था।
वन परिक्षेत्र अधिकारी तीसा अजय कुमार की अगुवाई में वन खंड अधिकारी संजीव कुमार, चौकीदार हरदयाल और कर्म चंद ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। यह टीम सनवाल के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान चार लोगों को टीम ने कटर के साथ पकड़ा।
इससे पहले कि टीम उन लोगों की पहचान कर पाती वे अपने कटर फेंककर वहां से भाग निकले। इसके बाद जब टीम ने सनवाल के जंगल का मुआयना किया तो ठेकेदार अवैध रूप से वन विभाग की भूमि से कशमल की जड़ें निकाल रहा था।

