
चम्बा- अनिल सम्वयाल
जाको राखै साइयां, मार सके ना कोय वाली कहावत तो आपने सुनी ही होगी। यहां कोई सड़क दुर्घटना नही बल्कि नवजात बच्ची से जुड़ा मामला सामने आया है। एक नवजात बच्ची को चम्बा नए बस स्टैंड में प्लास्टिक के टब में छोड़ दिया गया।
रविवार तड़के सुबह 6:00 बजे पुलिस व चाइल्डलाइन को सूचना मिली कि नए बस स्टैंड के साथ लगते घर के बाहर एक नवजात शिशु को प्लास्टिक के टब में छोड़कर कोई चला गया है। सूचना मिलते ही हेड कांस्टेबल गैस लाल की अगुवाई में पुलिस टीम व चाइल्डलाइन समन्वयक कपिल शर्मा मौके पर पहुंचे तो पाया कि नवजात शिशु एक बच्ची है।
जिसे कोई अनजान व्यक्ति नए बस स्टैंड के साथ लगते घर के बाहर छोड़ गया था। बच्ची को तुरंत मेडिकल कॉलेज चंबा लाया गया और जहां उसे दाखिल करवा दिया गया है।
लड़की की हालत फिलहाल स्थिर है। अब आगे की कार्यवाही बाल कल्याण समिति चंबा की अनुशंसा के आधार पर ही की जाएगी।
