
चंबा- भूषण गूरुंग
चंबा शहर में यातायात नियंत्रण को और अधिक प्रभावी रूप से व्यवस्थित करने के लिए इंटेलीजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम स्थापित किया जा रहा है। जिसके लिए 10 लाख रुपए की धनराशि व्यय की जाएगी ।
लोकसभा सांसद चंबा कांगड़ा किशन कपूर ने जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि चंबा शहर की यातायात नियंत्रण व्यवस्था को और बेहतर तरीके से व्यवस्थित बनाने के लिए इंटेलीजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम स्थापित किया जा रहा है ।
कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से न केवल ट्रैफिक कंट्रोल बेहतर रहेगा बल्कि शहर की निगरानी में यह प्रणाली मददगार साबित रहेगी। जिसके लिए जल्द ही निविदाएं आमंत्रित की जा रही हैं ।
बैठक में प्रदेश विधानसभा के मुख्य सचेतक विक्रम सिंह जरयाल, सदर विधायक पवन नैयर, विधायक भरमौर पांगी जियालाल कपूर, जिला कृषि उपज मंडी समिति के अध्यक्ष डी डीएस ठाकुर भी उपस्थित रहे ।
सांसद किशन कपूर ने बैठक में यह भी निर्देश जारी किए की जिला में जेबरा क्रॉसिंग के सभी स्थल चिन्हित किए जाएं और विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों पर यातायात नियमों के साइनेज भी लगवाए जाएं ।
जिला में सड़क सुरक्षा गतिविधियों, सड़क दुर्घटनाओं के कारणों की पहचान व अध्ययन तथा दुर्घटनाओं के आंकड़ों की निगरानी आदि पर चर्चा की गई।
उन्होंने एसडीएम तथा उप निदेशक शिक्षा को महीने की निर्धारित तिथि अनुसार स्कूली बच्चों में ड्राइविंग तथा सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए कार्यक्रम आयोजित करने तथा क्षेत्रीय यातायात प्रबंधक को भी सड़क सुरक्षा गतिविधियों के लिए लगातार प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।
सांसद किशन कपूर ने लोगों से आग्रह किया कि यातायात नियमों का गंभीरता से पालन सुनिश्चित बनाएं।
