पंचायत में खेल का मैदान बनाया गया है वह एक भवन की दूसरी मंजिल के लेंटर पर दर्शाया गया है।
चम्बा – भूषण गुरुंग
चम्बा जिला के चुराह विधानसभा क्षेत्र के सनवाल पंचायत के लोगों ने एक और ग्राम पंचायत में हो रहे कार्यों में घोटाले की शिकायत प्रशासन को की है। दरअसल ग्रामीणों का कहना है कि यहां पर जो पंचायत में खेल का मैदान बनाया गया है वह एक भवन की दूसरी मंजिल के लेंटर पर दर्शाया गया है।
उन्होंने कहा कि इस पर लाखों रुपए खर्च करने के बावजूद भी यहां पर खेल का मैदान नहीं दिख रहा। लोगों ने हैरानी जताई है की भवन के ऊपर की मंजिल पर इस तरह से मैदान का होना एक अजूबे से कम नहीं। इसी की शिकायत उन्होंने पहले जिला प्रशासन से की थी।
जिला प्रशासन ने एक जांच कमेटी एसडीएम तीसा की अध्यक्षता में बनाई थी। इसको लेकर पंचायत इंस्पेक्टर इस मामले की पूरी छानबीन कर रहे हैं। अब यहां क्या घोटाला सामने आता है यह तो जांच के बाद ही पता चलेगा।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि उनकी पंचायत में एक खेल मैदान बनाया गया है लेकिन वह खेल का मैदान कहीं भी नहीं दिखता है। लेकिन जब उन्होंने ऑनलाइन कागजों में देखा तो वह खेल का मैदान एक भवन के ऊपर की मंजिल में बनाया गया है।
उन्होंने कहा कि इस बात को देखकर वह बहुत हैरान है कि आखिर खेल का मैदान भवन के ऊपर की मंजिल में कैसे बन सकता है। अगर मान लिया जाए कि यह खेल का मैदान है तो यहां पर ना तो कोई सुरक्षा दिवार लगाई गई है और चारों तरफ लोहे के सरिए ही फेंके गए हैं और वह इस बात को देखकर यह सरकार से मांग करते हैं अगर यहां पर कोई हेराफेरी हुई है तो उस व्यक्ति के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए।
वही जब इस मामले के बारे में जांच कर रहे पंचायत इंस्पेक्टर से पूछा गया तो उन्होंने बताया की पंचायत सनवाल से खेल के मैदान को लेकर एक शिकायत आई है और वह वहां पर इस मामले की छानबीन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि तीन लाख से ज्यादा का खर्च खेल मैदान में कागजों में बताया गया है।
हालांकि अभी तक इसकी छानबीन पूरी नहीं हुई है लेकिन यहां के पंचायत प्रतिनिधि उन्होंने खेल के मैदान में पूछा है तो उन्होंने कहा कि जो यह भवन यहां पर बनाया गया है उससे पहले यहां पर खेल का मैदान बनाया गया था।
उस खेल के मैदान के ऊपरी भवन बनाया गया है। लेकिन इस तरह से कोई कार्य नहीं किया जाता लेकिन अब इसकी पूरी छानबीन के बाद ही पता चलेगा की आखिर यह सारा मामला क्या है।

