
शिमला-जसपाल ठाकुर
हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट में गुड़िया मामले की जांच दोबारा करवाए जाने की मांग को लेकर दायर याचिका पर आठ दिसंबर को सुनवाई होगी। प्रार्थी की ओर से दायर याचिका में सीबीआई की जांच पर खामियों को उजागर करते हुए इस मामले की दोबारा करवाने की मांग की गई है।
प्रार्थी का आरोप है कि सीबीआई ने इस प्रकरण में सभी तथ्यों की तह में जाकर जांच नहीं की है। प्रार्थी ने इस मामले में सामने आई फोरेंसिक रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा है कि इस रिपोर्ट के अनुसार अपराध में एक से अधिक अपराधियों की संलिप्तता की संभावना जताई गई थी, जबकि सीबीआई ने केवल एक दोषी पर जांच केंद्रित कर उसे सजा दिलाई है।
प्रार्थी ने सभी दोषियों को सजा दिलाने की मांग कर फिर से इस मामले की जांच करवाने की मांग की है। बहुचर्चित गुड़िया मामला शिमला जिला की तहसील कोटखाई में हलाइला क्षेत्र के पास घटित हुआ था। नाबालिग गुड़िया दसवीं कक्षा की छात्रा थी और दुराचार के बाद हलाइला के जंग में मृत अवस्था में निर्वस्त्र मिली थी।
इसमें सीबीआई ने एक चिरानी को आरोपी बनाया है, जिसे सजा भी हो चुकी है। गुड़िया के परिजन सीबीआई जांच पर लगातार संदेह जता रहे हैं। वे इस मामले की दोबारा से छानबीन करवाने की भी मांग उठा रहे हैं।
