तीन बार दिया अनापत्ति प्रमाणपत्र, एडीसी ने दिए जांच के आदेश, शिमला जिले की टिक्करी पंचायत के सचिव पर धोखाधड़ी के आरोप
शिमला – नितिश पठानियां
शिमला जिले के छोहारा ब्लाक की टिक्करी पंचायत के सचिव पर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत एक ही लाभार्थी को तीन बार अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) देने के आरोप लगे हैं। इससे एक ही लाभार्थी को तीन बार राशि मिल गई है।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत डेढ़ लाख रुपये मिलते हैं। शिकायत मिलने पर अतिरिक्त उपायुक्त शिमला अभिषेक वर्मा ने बीडीओ को जांच के आदेश दिए हैं।
शिमला जिले में कुल 412 पंचायतें हैं, जिनमें से 48 पंचायत सचिवों और 10 प्रधानों के विरुद्ध धोखाधड़ी के आरोपों की जांच चल रही है। इन पर प्रधानमंत्री आवास योजना से लेकर सीमेंट की हेराफेरी व काम की गुणवत्ता में खामी के आरोप हैं।

अतिरिक्त उपायुक्त अभिषेक वर्मा के बोल
अतिरिक्त उपायुक्त अभिषेक वर्मा ने कहा कि जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पंचायत सचिवों की ओर से जारी किए गए अनापत्ति प्रमाणपत्र की जांच होगी। अगर गलत एनओसी जारी किया है, तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पंचायतों में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत दोबारा सर्वे हो रहा है। इसमें पंचायत सचिव व अन्य ग्राम रोजगार सेवक के चेहरा प्रमाणीकरण के बाद ही जानकारी भरी जा सकेगी। अगर कोई गलत जानकारी भरता है, तो उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

