गगल बाजार और सनौरा चौक में लगाए सीसीटीवी कैमरे, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर अब तीसरी आंख का पहरा
हिमखबर डेस्क
सडक़ सुरक्षा के चलते वाहनों की तेज रफ्तार पर अंकुश लगाने के लिए गगल पुलिस अब गगल थाना के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों में भी नजर रखेगी। पुलिस ने गगल बाजार, सनौरा चौक में भी सीसीटीवी कैमरे लगाए हैं। वहीं, पठानकोट रोड पर पुलिस थाना गगल के सामने भी इंटेलीजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम के तहत हाईटेक कैमरे लगा दिए है।
डीएसपी कांगडा अंकित शर्मा के बोल
डीएसपी कांगडा अंकित शर्मा ने बताया कि इन हाईटेक कैमरों को लगा दिया गया है और इनको अभी पूर्ण रूप से शुरू नहीं किया गया है। उन्होंने बताया कि जल्द ही यह कैमरे पूर्ण रूप से कार्य करना शुरू कर देंगे। डीएसपी ने बताया कि इन हाईटेक कैमरों से यातायात के नियमों का उल्लंघन करने वालों पर अंकुश लगाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इन कैमरों से ऑटोमेटिक चालान होंगे। उन्होंने बताया कि इन कैमरों से तेज गति से वाहन चलाने वालों पर भी अंकुश लगेगा। इस मार्ग से तेज गति से वाहन चलाने वालों का खुद-ब-खुद चालान कट जाएगा। उन्होंने बताया कि इस मार्ग पर 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से ही वाहन चलाए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि वाहन चलाते वक्त शीट बेल्ट न डालने वालों, वाहन चलाते वक्त मोबाइल पर बात करने, बिना हेलमेट, ट्रिपल राइडिंग, स्टंटबाजी करने वाले बिगड़ैल चालकों, यातायात के नियमों का उल्लंघन करने वालों के चालान इन हाईटेक कैमरों से ऑटोमेटिक कट जाएंगे।

