
कांगड़ा – राजीव जसवाल
गगल के मांझी खड्ड में आज सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैली हुई है। स्थानीय लोगों द्वारा शव को देखने के बाद पुलिस चौंकी गगल में संपर्क किया गया।
रहस्यमय परिस्थितियों में मिले शव पर व्यक्ति के शरीर में कोई भी कपड़े नहीं थे। व्यक्ति का शव नग्न अवस्था में खड्ड से बरामद हुआ है। व्यक्ति के शव के साथ किसी भी तरह की सामग्री बरामद नहीं हुई है। जिससे अबतक व्यक्ति की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
पानी का बहाव आज कुछ कम होने के कारण शव पत्थरों के बीच पड़ा हुआ मिला। गगल के हेड कांस्टेबल नसीब द्वारा बताया जा रहा है कि शव बरसात में पानी के तेज बहाव के कारण यहां पहुंचा हो सकता है।
शव को देखने से यह 5 से 6 दिन पुराना लग रहा है। गगल पुलिस थाना से हेड कांस्टेबल नसीब के साथ पुलिस कर्मियों ने खड्ड में जाकर इस अज्ञात व्यक्ति के शव को बरामद किया। अज्ञात शव की अनुमानित आयु 32 से 40 वर्ष के बीच बताई जा रही है।
शव को बरामद कर इसे टांडा अस्पताल के शव गृह में शिनाख्त के लिए भेज दिया गया है जहां इसे 72 घंटे तक रखा जाएगा।
वह इसी के साथ जिला कांगड़ा समेत हिमाचल के सभी थानों में इस बारे में सूचना दी जाएगी। ताकि, इस शव के बारे में कुछ जानकारी प्राप्त हो सके। यदि इसकी शिनाख्त नहीं हो पाती है तो शव ग्रह के पास ही इसका अंतिम संस्कार कर दिया जाएगा।
यदि किसी को इस शव के बारे में जानकारी हो तो वह शव ग्रह टांडा में संपर्क कर सकते है।
