
ऊना- अमित शर्मा
ऊना जिले के बंगाणा खंड की डुमखर खड्ड में बीते दिनों बड़ी संख्या में मिली सरकारी डाक मामले में डाकिया पर गाज गिरी है। विभाग की ओर से कोटला कलां डाकघर के डाकिया को सस्पेंड कर दिया गया है।
प्रारंभिक कार्रवाई में डाकिए के स्तर पर लापरवाही सामने आई है। फिलहाल विभागीय जांच अभी जारी है। इसमें संबंधित लोगों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। जांच की रिपोर्ट अभी टीम द्वारा उच्चाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत की जाएगी।
मामले में डाक विभाग ऊना चार्जशीट करने की तैयारी में है। मामले में बड़े स्तर पर डाकघर कोटला कलां की लापरवाही सामने आई थी। डाकघर की बड़ी संख्या में डाक इस डाकघर से करीब 25-30 किलोमीटर दूरी पर स्थित डुमखर खड्ड में फेंक दी गई थी। इसके बाद विभागीय जांच में अब कोटला कलां के डाकिया शुभम को सस्पेंड कर दिया गया है।
जांच कमेटी ने शुभम के बयान भी दर्ज किए हैं। इसके अलावा जिन लोगों की डाक थी उनके बयान भी विभागीय टीम द्वारा दर्ज किए गए हैं। फिलहाल मामले में पूरी रिपोर्ट डाक अधीक्षक मोहन लाल शर्मा के पास पहुंचेगी। अभी चार्जशीट करने की तैयारी में विभाग जुटा हुआ है।
उधर, डाक विभाग के ऊना अधीक्षक मोहन लाल शर्मा ने बताया कि मामले में कार्रवाई जारी है। जांच कमेटी की पूरी रिपोर्ट का इंतजार है। प्रारंभिक चरण में तत्काल प्रभाव से डाककर्मी शुभम को सस्पेंड कर दिया गया है। मामले में चार्जशीट भी दाखिल की जाएगी।
यह था पूरा मामला
खंड बंगाणा की डुमखर खड्ड में पहली सितंबर के दिन ऊना के नजदीकी कोटला कलां डाकघर की लोगों में वितरित की जाने वाली डाक बड़ी संख्या में गिरी पड़ी मिली है। डाक में लोगों की बीमा पालिसी और आधार कार्ड सहित अन्य दस्तावेज पाए गए थे।
मामले की सूचना के बाद पुलिस ने डाक विभाग को बताया था, जिसके बाद मौके पर पहुंचे विभाग के निरीक्षक बलवीर चंद तथा डाकघर कोटला कलां की पोस्टमास्टर सत्या देवी के सुपुर्द डाक को किया गया। गिरी पड़ी डाक में विभिन्न लोगों के डाक से आने वाले आधार कार्ड, जीवन बीमा पालिसी, पैन कार्ड अन्य जरूरी कागजात शामिल थे।
सभी कागजात को पढऩे पर पता चला था कि सारी डाक, पोस्ट आफिस कोटला कलां की थी। मामले का पता चलने पर जिन लोगों की डाक थी उन्होंने डाक विभागीय की कार्यप्रणली पर सवाल भी खड़े किए थे।
