
धर्मशाला- राजीव जसवाल
प्रदेश में जहां कोविड के मामले लगातार बढ़ रहे हैं, वहीं सरकार द्वारा अपने लोगों और विपक्ष के लिए दोहरे मापदंड अपनाए जा रहे हैं। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर ने कहा कि सरकार की गलत नीतियों के चलते सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करने पर मेरे और मेरे साथियों पर केस दर्ज किए गए हैं।
राठौर ने कहा कि पीएम सुरक्षा मामले में राजनीति की जा रही है, जबकि उन्हें जो जानकारी मिली है कि पंजाब में पीएम की जनसभाओं में लोग नहीं जुड़ रहे हैं, जिसके चलते यह सब किया जा रहा है। कांग्रेस ने कोविड के मद्देनजर जन जागरण अभियान स्थगित कर दिया है। राठौर ने कहा कि पीएम सुरक्षा मामले में पंजाब सरकार को बदनाम किया जा रहा है।
शनिवार को धर्मशाला में प्रेसवार्ता में कुलदीप राठौर ने कहा कि कोविड के बढ़ते मामलों के चलते कांग्रेस ने जन जागरण अभियान स्थगित कर दिया है और कांग्रेस की बैठकें भी वचुर्अली होंगी, इसकी सरकार को सराहना करनी चाहिए और खुद पर लागू करना चाहिए। राठौर ने कहा कि सरकार 5 जनवरी को बंदिशों बारे निर्णय लेती है और अगले ही दिन शिमला के रिज पर भाजपा कार्यकर्ता प्रदर्शन करने पहुंच जाते हैं।
राठौर ने कहा कि पीएम सुरक्षा के मुद्दे पर राजनीति करते हुए पंजाब सरकार को बदनाम करने की साजिश की जा रही है। पीएम की सुरक्षा एसपीजी देखती है, प्रदेश की सुरक्षा एजेंसी भी एसपीजी के मार्गदर्शन पर काम करती हैं।
पीएम की सुरक्षा में चूक केंद्रीय एजेंसियों की खामी रही है। पीएम से लोग मिलना चाहते थे, पीएम पूरे देश के हैं, ऐसे में उन्हें लोगों से या फिर उनके प्रतिनिधि से बात करनी चाहिए थी।
