
कोटला, (स्वयम): वन विभाग के अंतर्गत वन वीट धार के जंगल से अवैध तरीके खैर के आठ पेड़ों पर कुल्हाड़ी चलाने की शिकायत के उपरांत कोटला पुलिस ने धार जंगल व ठेहड़ गांव से खैर के मोच्छों को बरामद किया तथा सोमवार को कोटला पुलिस ने चार व्यक्तियों रजत कुमार पुत्र महेंद्र सिंह निवासी अमनी,विशाल कुमार पुत्र रुमाल सिंह निवासी धडू, कुमार गौरव पुत्र शमशेर सिंह निवासी अमनी, बलवीर सिंह पुत्र बाबू राम निवासी बेरी को गिरफ्तार किया है। मंगलवार को चारों गिरफ्तार व्यक्तियों को जवाली कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। डीएसपी जवाली सिद्धार्थ शर्मा ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि गत बुधवार को कुछ लोगों ने धार जंगल से खैर के 8 पेड़ों को काट दिया था जिसकी शिकायत आरओ ईश्वर दास ने गुरुवार को कोटला चौकी में की थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर धार जंगल व ठेहड़ से खैर के मोच्छों को बरामद कर लिया था जबकि चारों व्यक्ति फरार हो गए थे जिनकी धरपकड़ के लिए पुलिस जुटी हुई थी। सोमवार को चारों को गिरफ्तार किया गया जिन्हें मंगलवार को जवाली कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें 26 फरवरी तक पुलिस रिमांड पर भेज गया है।
