
धर्मशाला – राजीव जसबाल
हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय ने नॉन टीचिंग स्टाफ के रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया को फिलहाल रोक दिया है। अब सीयू प्रशासन इन रिक्त पदों को भरने के लिए नए सिरे से आवेदन मांगेगा। ग्रुप बी व सी के करीब 23 पदों को भरने के लिए फरवरी माह के पहले सप्ताह में आवेदन मांगे थे।
जानकारी के अनुसार हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय ने तीन फरवरी को एक विज्ञप्ति जारी कर ग्रुप बी व सी के विभिन्न श्रेणियों में रिक्त पड़े 23 पदों को भरने के लिए आवेदन मांगे थे।
इसके लिए अभ्यर्थियों को नौ मार्च तक आवेदन करने के लिए कहा गया था। इनमें ग्रुप बी में सात व ग्रुप सी में 16 पद भरे जाने थे। ग्रुप बी में हिंदी ट्रांसलेटर का एक पद, प्राइवेट सचिव के दो पद व सिक्योरिटी ऑफिसर का एक पद, पर्सनल असिस्टेंट के तीन पद शामिल थे।
वहीं ग्रुप सी में कुक के दो पद, किचन अटेंडेंट के दो, हाॅस्टल अटेंडेंट का एक, लेबोरेटरी असिस्टेंट का एक, लेबोरेटरी अटेंडेंट का एक, लाइब्रेरी अटेंडेंट के तीन, स्टेटिकल असिस्टेंट का एक, यूडीसी के दो, एलडीसी के दो व सिक्योरिटी इंस्पेक्टर का एक पद भरा जाना था। लेकिन अब सीयू प्रशासन फिलहाल यह पद नहीं भरेगा।
सीयू के कुलसचिव प्रो. विशाल सूद ने कहा कि जिन अभ्यर्थियों ने आवेदन कर फीस भरी है, उसे वह एक प्रपत्र भर कर वापस ले सकते हैं। इसके लिए उन्हें 15 अप्रैल तक आवेदन करना होगा।
उन अभ्यर्थियों के पास दोबारा विज्ञप्ति किए जाने वाले पदों समय इस फीस को एडजस्ट करने का भी मौका रहेगा।
