
सवारियों ने चेताया फिर चालक ने नहीं सुना और मौत के मुंह में झोंक दी जिंदगियां, होगी मजिस्ट्रेट जांच
कुल्लू – आदित्य
कुल्लू जिले के सैंज में बस हादसा चालक की लापरवाही की वजह से हुआ है। भूस्खलन की वजह से चालक ने बस सड़क से कच्चे हिस्से पर उतार दी। कच्चा हिस्सा धंसने से बस गिर गई। जिस स्थान पर यह हादसा हुआ वहां सड़क थोड़ी खराब थी।
गंतव्य तक पहुंचने की जल्दी में चालक ने यह गलती कर दी। सवारियों ने बस चालक को सड़क की हालत के बारे में चेताया था, लेकिन उसने किसी की नहीं सुनी। वहीं उपायुक्त कुल्लू आशुतोष गर्ग ने हादसे की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दे दिए हैं।
वहीँ दूसरी तरफ जिला की सैंज घाटी के जंगला गांव में दुर्घटनाग्रस्त निजी बस की सूचना जैसे ही आसपास के क्षेत्र के लोगों को मिली, सभी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। घटनास्थल पर पहुंचकर बस के नीचे दबे अपनों को रोते-बिलखते ढूंढते रहे। लोग शवों से कपड़ों के टुकड़े उठाकर स्वजन की पहचान कर रहे थे।
जंगला गांव के इस निजी बस हादसे में 12 लोगों की मौत हो गई है व तीन गंभीर रूप से घायल हुए हैं जिनका उपचार क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में चल रहा है। हादसे में घाटी के एक ही गांव के चार लोग जिनमें एक मां-बेटी, एक लड़का व एक बुजुर्ग शामिल हैं हादसे के शिकार हुए हैं। यह हादसा तूंग गांव के लोगों को गहरे जख्म दे गया। हादसे के बाद गांव में शोक छा गया है।
