कुछ दिनों पहले प्रेमी तो अब प्रेमिका ने फंदा लगाकर दे दी जान
शिमला – नितिश पठानियां
प्रेमी के आत्महत्या का मामला प्रेमिका बर्दाश्त नहीं कर सकी और युवती ने शिमला में आकर उसकी याद में जान दे डाली है। सिरमौर की युवती का समरहिल के चायली के जंगल में पेड़ पर लटका हुआ पुलिस ने शव बरामद किया है। वह यहां पर अपने भाइयों के पास आई हुई थी, लेकिन रात्रि में रहस्यमयी परिस्थितियों में गायब हो गई।
सोमवार को उसका शव बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार युवती शनिवार को समरहिल के चायली गांव में किराए पर रहने वाले अपने भाइयों के पास आई थी। युवती के दोनों भाई एचपीयू में पढ़ाई कर रहे हैं।

जानकारी के अनुसार रविवार की रात युवती रहस्यमयी परिस्थितियों के तहत लापता हो गई। इस पर परिजनों ने बालूगंज पुलिस थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट करवाई थी। रात्रि में पुलिस ने युवती की तलाश की लेकिन उसका सुराग नहीं लग पाया।
सोमवार को युवती का शव चायली के जंगल में पेड़ से लटका मिला। हालांकि पुलिस को घटनास्थल पर कोई भी सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि इसका अपनी बुआ के बेटे के साथ प्रेम प्रसंग था, जिसने जिला सोलन के तहत अभी कुछ दिनों पहले ही सुसाइड किया था।
इसी के चलते इस युवती ने भी फंदा लगाकर जान दे दी है। पुलिस ने शव काे पोस्टमार्टम करवाकर उसके भाइयों के सुपुर्द कर दिया है और पुलिस ने आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

