हिमखबर डेस्क
हिमाचल प्रदेश पशुपालन विभाग की ओर से पशु मित्र के चयन के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। जिला कांगड़ा के उपमंडल देहरा में शारीरिक दक्षता परीक्षा 16 व 17 अप्रैल को होगी।
वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी देहरा डा. राजेश भाटिया ने बताया कि 16 अप्रैल को सुबह 10 बजे राजकीय बाल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला परागपुर में गुलेर, भटोली फकोरियां, ढलियारा, मूहल, सकरी व ठाकुरद्वारा व 17 को ध्वाला, शांतला, घमरूर, गरली व डाडासीबा के अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा होगी। उन्होंने पात्र अभ्यर्थियों से दस्तावेजों सहित उपस्थित होने का आग्रह किया है।
नूरपुर में 17 अप्रैल को बदूही में होगी परीक्षा
वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी मुनीष गुप्ता ने बताया कि उपमंडल नूरपुर में पशु मित्रों के चयन के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा 17 अप्रैल को बदूही मैदान में होगी। उन्होंने बताया कि पशु औषधालय नूरपुर, खैरियां, बासा बजीरां, चौकी व खन्नी में पशु मित्र का एक-एक पद भरा जाएगा। इसके लिए 73 पुरुष व 16 महिला अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है।
30 मिनट में लगानी होगी पांच किलोमीटर दौड़
पुरुष अभ्यर्थियों के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा का समय सुबह आठ बजे निर्धारित किया है। महिला अभ्यर्थियों को दोपहर एक बजे उपस्थित होना होगा। पुरुष अभ्यर्थियों को 5,000 मीटर दौड़ 30 मिनट में और महिला अभ्यर्थियों को 1500 मीटर दौड़ 10 मिनट में पूरी करनी होगी।

पालमपुर में भर्ती के लिए उपसमिति गठित
एसडीएम पालमपुर डा. ओपी यादव ने पशु मित्र के चयन के लिए अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा के आयोजन के संबंध में दिशा-निर्देश जारी किए। वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश राणा ने नीति के प्रविधानों की जानकारी दी। इसके बाद चयन प्रक्रिया को पारदर्शी एवं सुचारू रूप से संचालित करने के लिए उपसमिति गठित करने का निर्णय लिया।
उपसमिति की अध्यक्ष तहसीलदार, जबकि वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी डा. मनीष को सदस्य सचिव व संबंधित क्षेत्र के पशु चिकित्सा अधिकारी या प्रभारी अधिकारी को सदस्य के रूप में नामित किया है।
कंडबाड़ी स्कूल मैदान में होगी भर्ती
अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा 23 से 25 अप्रैल तक सुबह 9:30 बजे से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कंडबाड़ी के खेल मैदान में होगी। परीक्षा के दौरान व्यवस्था के लिए पुलिस व चिकित्सा विभाग तथा शारीरिक प्रशिक्षकों की सेवाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
धीरा के बलोटी मेला मैदान में होगी भर्ती
एसडीएम धीरा सलीम आजम ने पशु मित्र के चयन के लिए उपसमिति गठित करने के निर्देश दिए। इसके बाद तहसीलदार धीरा को उपसमिति का अध्यक्ष, वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी एसडीवीएच पालमपुर को सदस्य सचिव व संबंधित क्षेत्र के पशु चिकित्सा अधिकारी या प्रभारी को सदस्य नामित किया गया। अ
भ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा 27 अप्रैल को सुबह 10 बजे से धीरा स्थित बलोटी मेला मैदान में होगी। इस दौरान शारीरिक प्रशिक्षक, पुलिसर्मी व मेडिकल टीम तैनात रहेगी।

