
शिमला – जसपाल ठाकुर
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने हायर ग्रेड पे से वंचित रह गए विभिन्न विभागों में तीन जनवरी, 2022 से पूर्व कार्यरत कर्मचारियों को दो वर्ष का नियमित सेवाकाल पूर्ण करने के उपरांत अन्य कर्मचारियों की तरह हायर ग्रेड-पे जारी करने की घोषणा की है।
उन्होंने जूनियर ऑफिस असिस्टेंट (आईटी) को भी दो वर्ष का नियमित सेवाकाल पूर्ण होने पर लिपिकों की तर्ज पर उच्च वेतनमान प्रदान करने की घोषणा की। ये दोनों बड़ी घोषणाएं रविवार को होटल पीटरहॉफ में हिमाचल प्रदेश अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ द्वारा आयोजित कर्मचारी सम्मेलन को संबोधित करते हुए सीएम ने की।
मुख्यमंत्री ने कहा की पे कमीशन लागू होने के बाद कर्मचारियों को 12 से 15 फीसदी की वेतन वृद्धि मिली है। राज्य सरकार ने यह सुनिश्चित किया है कि किसी कर्मचारी से रिकवरी न हो। उन्होंने कहा कि 2016 के बाद वाले 40000 पेंशनरों को लेकर भी जल्द आदेश जारी होंगे। उनकी सरकार ने कोविड के दौरान कर्मचारियों के वेतन और पेंशन में न कोई देरी की और न ही कट लगाया।
साथ ही दिहाड़ी को 210 रुपए से बढ़ाकर 350 रुपए तक पहुंचाया। एक साथ 50 रुपए दिहाड़ी हिमाचल के इतिहास में पहली बार बढ़ी। कर्मचारियों को अंतरिम राहत भी पंजाब से ज्यादा दी। जहां तक ओल्ड पेंशन का मामला है, तो इसे लेकर हमारे विपक्ष के मित्र जरूर दावा कर रहे हैं कि हम आएंगे तो करेंगे, लेकिन पहले इस सवाल का जवाब दें कि इसे 2003 में सबसे पहले लागू ही क्यों किया?
विधानसभा सत्र के दौरान एक ऐसी परिस्थिति बनी कि कुछ लोगों ने ब्लैकमेल करने की कोशिश की। धमकी देकर अपनी बातें मनवाने का प्रयास किया। वह दुर्भाग्यपूर्ण था। ऐसे काम नहीं होगा। हमारी सरकार इस मामले का भी हल निकाल रही है और मुख्य सचिव की अध्यक्षता वाली कमेटी से इस बारे में रिपोर्ट मांगी गई है।
इस साल की बजट में भी सबकी मदद करने की कोशिश की। आउटसोर्स कर्मचारियों का भी रास्ता निकाल रहे हैं। पीटीए टीचर्स का मामला हल किया। अब एसएमसी शिक्षकों को लेकर भी सरकार विचार कर रही है।
उनकी सरकार ने डीसीआरजी को न सिर्फ बहाल किया, बल्कि दायरा भी बढ़ाया। ग्रेच्युटी की अधिकतम सीमा को 10 लाख से बढ़ाकर 20 लाख किया। बहुत से लाभ ऐसे हैं, जो ओल्ड पेंशन स्कीम के कर्मचारियों के बराबर ही न्यू पेंशन स्कीम के कर्मचारियों को दिए जा रहे हैं।
इससे पहले विभिन्न कर्मचारी संगठनों ने सीएम को सम्मानित किया। इसके लिए मुख्यमंत्री ने महासंघ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार को सदैव ही कर्मचारियों का पूर्ण समर्थन एवं सहयोग मिलता रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की नीतियों एवं योजनाओं को जमीनी स्तर पर क्रियान्वित करने में कर्मचारी अपनी महत्त्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कोरोना महामारी से लड़ाई में कर्मचारियों विशेष तौर पर फ्रंटलाइन वर्कर की भूमिका की सराहना की।
ऐसे लागू होंगी घोषणाएं
मुख्यमंत्री की ये दोनों घोषणाएं कैसे लागू होंगी, इस बारे में भी स्थिति स्पष्ट हो गई हैं। तीन जनवरी, 2022 से पहले रेगुलर हो चुके सभी कर्मचारियों को हायर ग्रेड पे मिलेगी। पिछला बेनिफिट नोशनल होगा और एक्चुअल अभी से मिलेगा। एरियर किसी को नहीं दिया जाएगा। पहले चाहे जितना भी टाइम हो गया हो।
जैसे जैसे दो साल पूरे होते जाएंगे, वैसे ही ये नए पे कमीशन के नैक्सट सेल में प्लेस होते जाएंगे। यही प्रक्रिया जेओए आईटी के लिए रहेगी। तीन जनवरी, 2022 के बाद राइडर खत्म हो गया है और खत्म ही रहेगा। यानी तीन जनवरी 2022 के बाद रेगुलर होने वालों को ये लाभ नहीं मिलेगा।
