
शाहपुर – नितिश पठानियां
विधानसभा क्षेत्र शाहपुर के रेहलु गांव से संबंद रखने वाले कांग्रेस नेता कर्ण परमार ने शाहपुर से कांग्रेस पार्टी के टिकट के लिए दावेदारी जताई है। उन्होंने आठ जून से फील्ड में निकलने का फैसला लिया है।
परमार कांग्रेस टिकट की दावेदारी जताने से पहले प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से मिलकर भी अपना पक्ष रख आए हैं। वह आठ जून को कांग्रेस टिकट के लिए विधिवत रूप से दावा पेश करेंगे तथा ‘जन-मिलन’ अभियान शुरू करेंगे।
सोमवार को मीडिया से बात करते हुए कर्ण परमार ने न केवल टिकट की दावेदारी की बात सांझा की अपितु यह भी कहा कि लम्बे समय से उनके ऊपर पार्टी वर्करों तथा उनके समर्थकों का यह दावेदारी जताने व चुनाव लड़ने का दवाव बना हुआ था। इसी कारण उन्होंने प्रदेश कांग्रेस के कुछ नेताओं से मुलाकात भी की है।
उन्होंने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान भी कांग्रेस टिकट के लिए उनका नाम चला था। उन्होंने अपना विजन स्पष्ट करते हुए कहा कि शाहपुर का चहुंमुखी विकास तथा लोगों का उत्थान उनका प्रमुख उद्देश्य व लक्ष्य है।
उन्होंने कहा 15 वर्षों में शाहपुर विकास की दृष्टि से पिछड़ गया है, क्योंकि इस दौरान शाहपुर को लेकर कोई ठोस योजना नहीं बनाई गई है।
उन्होंने कहा इन पन्द्रह वर्षों में शाहपुर के लोगों के साथ असंख्य वादे और आश्वासन तो किए गए। लेकिन चुनाव जीतने व विधानसभा की दहलीज लांघते ही सब कुछ भुला दिया गया और शाहपुर विकास के लिए तरसता रहा।
परमार ने कहा कि शाहपुर के विकास को लेकर जल्द ही वह एक ‘विजन डॉक्यूमेंट’ अपने ‘जन-मिलन’ अभियान के दौरान जनता के समक्ष रखेंगे।
जानकारी के लिए बता दे कि कर्ण परमार ब्लाक समिति रैत के चेयरमैन तथा रेहलु पंचायत के प्रधान रहने के साथ कांग्रेस पार्टी की विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन भी कर चुके हैं।
