
व्यूरो रिपोर्ट
मंडी जिले के तहत बल्ह उपमंडल के गोड़ा गागल निवासी युवक द्वारा फंदा लगाने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान 28 वर्षीय विजय कुमार पुत्र चंद्रमणि के रूप में हुई है।
बता दें कि विजय कुमार अपने घर में कमरे में अकेला था और उसका फोन बार-बार बज रहा था। जब पिता चंद्रमणि कमरे की तरफ गए तो देखा कि दरवाजे में अंदर से कुंडी लगी थी।
जब उन्होंने दरवाजे के वैंटीलेटर से झांककर देखा तो बेटा नीचे गिरा हुआ था। उन्होंने आसपास के लोगों को बुलाया व दरवाजा तोड़कर विजय कुमार को मेडिकल काॅलेज नेरचौक पहुंचाया, जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
2 दिन पहले मायके गई थी पत्नी
मृतक विजय कुमार परिवार से अलग रहता था और उसकी पत्नी 2 दिन से मायके गई हुई थी। पुलिस चौकी गागल प्रभारी जय किशन ने बताया कि विजय ने पंखे से दुपट्टे से फंदा लगाया था और दुपट्टा टूटने से वह नीचे गिरा होगा।
परिवार ने किसी पर भी कोई शक जाहिर नहीं किया है लेकिन पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। शव पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।
एसपी शालिनी अग्निहोत्री ने बताया कि पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
