कथित पशु की कुर्बानी की तस्वीरें अपलोड करने पर हंगामा, हिंदू संगठनों ने की शिकायत
सिरमौर – नरेश कुमार राधे
हिमाचल प्रदेश के नाहन शहर के छोटा चौक बाजार में कपड़े की दुकान चलाने वाले विशेष समुदाय के एक युवक द्वारा कथित पशु की कुर्बानी की तस्वीरें व्हाट्सएप स्टेटस पर अपलोड करने का मामला सामने आया है।
घटना के बाद व्यापार मंडल, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद और हिंदू संगठनों ने जमकर हंगामा किया। एसपी को लिखित शिकायत सौंपी गई, जिसके बाद मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं।
बुधवार को हिंदू संगठनों ने बाजार बंद रखने का आह्वान भी किया है। साथ ही बुधवार सुबह 11 बजे बड़ा चौंक में एकत्रित होने की अपील भी की है। इसी बीच पुलिस ने रात्रि गश्त को भी बढ़ा दिया है।
शिकायत में आरोप लगाया गया कि यूपी के सहारनपुर का रहने वाला एक युवक, जो पिछले काफी समय से नाहन के छोटा चौक बाजार में कपड़े की दुकान करता है, ने कथित पशु की कुर्बानी की तस्वीरें अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर अपलोड की हैं।
इस घटना से हिंदू समाज की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है। हिंदू संगठनों और व्यापारी समुदाय ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। संबंधित दुकानदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
हिंदू संगठनों और व्यापार मंडल के लोगों ने बाजार में दुकानदारों से अपील की है कि वे अपनी दुकानों को विशेष समुदाय से ताल्लुक रखने वाले बाहरी राज्यों के व्यक्तियों को किराए पर न दें, ताकि शहर में आपसी भाईचारा और सौहार्द बना रहे।
हिंदू संगठन से जुड़े व्यापारी शिव कुमार गर्ग ने घटना को बेहद शर्मनाक बताया और कहा कि आरोपी युवक पिछले 10 वर्षों से नाहन में कपड़े की दुकान चला रहा है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।
अंजुमन इस्लामिया अध्यक्ष बॉबी अहमद के बोल
उधर, अंजुमन इस्लामिया के अध्यक्ष बॉबी अहमद ने भी घटना की कड़े शब्दों में निंदा की है साथ ही आरोपी युवक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि अंजुमन इस्लामिया मामले में हिंदू भाइयों के साथ खड़ी है, ताकि शहर में आपसी भाईचारा और सौहार्द बना रहे।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश रोल्टा के बोल
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश रोल्टा ने कहा कि साइबर सेल व टेक्निकल टीम यह पता लगा रही है कि तस्वीरों को कहा से अपलोड किया गया था। शुरुआती जांच में यह पता चला है कि कपड़े की दुकान चलाने वाला 15 -16 जून से नाहन में नहीं है। उन्होंने बताया कि ऐसा प्रतीत हो रहा है कि तस्वीरों को बाहर से अपलोड किया गया है। पुलिस पूरी संवेदनशीलता से जांच में जुटी है।

