हिमखबर डेस्क
ईरान के साथ पांच दिन युद्ध टालने के ऐलान के बीच सोना और चांदी की कीमतों में फिर गिरावट देखी गई, जबकि शेयर बाजार में तेजी लौट आई और सेंसेक्स डेढ़ हजार अंक से ज्यादा की बढ़त में खुला।
मंगलवार को सोना जहां 2500 रुपए सस्ता हुआ, वहीं चांदी 11 हजार 605 रुपए सस्ती हो गई। उधर, विदेशों से मिले सकारात्मक संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजारों में मंगलवार को तेजी रही और बीएसई का सेंसेक्स डेढ़ हजार अंक से ज्यादा की बढ़त में खुला।
सेंसेक्स की शुरुआत पिछले कारोबारी दिवस की तुलना में 1,516.08 अंक ऊपर 74,212.47 अंक पर हुई। खबर लिखे जाते समय यह 830.14 अंक (1.4 प्रतिशत) की बढ़त के साथ 73,526.53 अंक पर था।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 365.80 चढक़र 22,878.45 अंक पर खुला। खबर लिखे जाते समय यह 269.90 अंक यानी 1.02 प्रतिशत की मजबूती के साथ 22,782.55 अंक पर रहा।
अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ईरान के ऊर्जा संयंत्रों पर पांच दिन के लिए हमले टालने की घोषणा से अमरीकी और यूरोपीय बाजार कल हरे निशान में बंद हुए।
भारतीय शेयर बाजारों पर इसका असर आज देखा गया है। घरेलू शेयर बाजारों में लिवाली चौतरफा रही। ऑटो, बैंकिंग, वित्त, धातु, रियलटी, स्वास्थ्य और टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद समूहों के सूचकांक ज्यादा बढ़त में रहे।
सेंसेक्स की बढ़त में एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, एलएंडटी, कोटक महिंद्रा बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, इटरनल और महिंद्रा एंड महिंद्रा का योगदान अधिक रहा।

