
सोलन के कंडाघाट में पेश आया वाकया, आज पॉजिटिव और कल हो गया नेगेटिव
सोलन- जीवन वर्मा
सोलन जिला के अंतर्गत मात्र 24 घंटे के अंदर आरटीपीसीआर की रिपोर्ट भिन्न आने का मामला प्रकाश में आया है। पहले दिन टेस्ट करवाने पर व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाया जाता है और दूसरे दिन आरटीपीसीआर का दोबारा टेस्ट करवाने पर रिपोर्ट नेगेटिव आती है। हालांकि दूसरे दिन रिपोर्ट का नेगेटिव आना राहत की खबर है, लेकिन ऐसे में व्यक्ति का चिंताग्रस्त होना तो स्वाभाविक है।
एक दिन के समय अंतराल में रिपोर्ट का भिन्न आने से स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली कहीं न कहीं सवालों के कटघरे में आती है। मामला सोलन से जुड़ा है।
कंडाघाट निवासी यशपाल 13 सितंबर को अपनी पत्नी के इलाज के लिए कुमारहट्टी स्थित एक निजी अस्पताल गए, जहां पहुंचने पर यशपाल से भी अपना कोविड टेस्ट करवाने के लिए कहा गया। उन्होंने उसी अस्पताल में सैंपल दिया, जिसकी आरटीपीसीआर रिपोर्ट अगले दिन पॉजिटिव आती है।
अब शरीर में किसी भी प्रकार से कोविड संबंधित लक्षण न पाए जाने पर यशपाल ने अपना शक दूर करने के लिए अगले दिन 14 सितंबर को ठोडो ग्राउंड में आरटीपीसीआर टेस्ट के लिए सैंपल दिया, जिसकी रिपोर्ट नेगेटिव आई है।
अब ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह खड़ा होता है कि आखिर किस रिपोर्ट को सही माना जाए, पहली या दूसरी। यही नहीं एक दिन में ही रिपोर्ट में अंतर आना असमंजस की स्थिति में पैदा करने के साथ स्वास्थ्य विभाग को सवालों के कटघरे में खड़ी करती है।
क्या है सीटी वैल्यू
सीटी का अर्थ होता है साइकिल थ्रेशहोल्ड, यह वायरस की मात्रा को जांचने का एक पैमाना है, जो विशेषज्ञों द्वारा तय किया गया है। कोविड वायरस का पता लगाने के लिए सीटी काउंट बेहद जरूरी होता है। आसान शब्दों में समझें तो कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट पॉजिटिव या नेगेटिव है, यह सीटी काउंट के आधार पर ही तय होता है। कोविड टेस्ट के अंदर हमेशा सीटी वैल्यू दी जाती है।
सीटी वैल्यू 35 से नीचे, तो पॉजिटिव
जिला स्वास्थ्य अधिकारी मुक्ता रस्तोगी ने बताया कि एक ही दिन में रिपोर्ट का भिन्न आना संभव है। सीटी वैल्यू 35 से ऊपर होने पर आरटीपीसीआर रिपोर्ट नेगेटिव आएगी और अगर सीटी वैल्यू 35 से नीचे है, तो उसकी रिपोर्ट पॉजीटिव आएगी।
