
ब्यूरो – रिपोर्ट
टोल बैरियर की नीलामी में लगातार दूसरे दिन आबकारी एवं कराधान विभाग राजस्व बढ़ोतरी में कामयाब रहा है। 14 फीसदी बढ़ोतरी के साथ ऊना का बैरियर नीलाम हुआ है। ऊना के बैरियर से विभाग को 22 करोड़ 50 लाख रुपए का राजस्व हासिल हुआ है।
दो दिन में विभाग अब तक आधा दर्जन बैरियर की नीलामी कर चुका है और इनसे 54 करोड़ 36 लाख रुपए का राजस्व जुटाया गया है। हालांकि शनिवार का दिन विभाग की उम्मीदों पर पूरी तरह से खरा नहीं उतरा।
विभाग ने कांगड़ा और चंबा के बैरियर को भी नीलाम करने की तैयारी की थी, लेकिन इन बैरियर की नीलामी नहीं हो पाई। इस तरह शनिवार का दिन विभाग के लिए ज्यादा असरदार नहीं रहा और महज एक ही टोल बैरियर की नीलामी इस दौरान हो पाई।
इससे पूर्व शुक्रवार को आबकारी एवं कराधान विभाग ने शिमला के कुड्डू, सोलन जिला के बीबीएन का ढेरोंवाल, सिरमौर जिला के कालाअंब, गोबिंदघाट और बेहराल बैरियर को नीलाम किया था।
इन बैरियर की नीलामी से 31.86 करोड़ रुपए का राजस्व जुटाया गया है। यह राजस्व पिछले साल के मुकाबले करीब 14 फीसदी अधिक रहा है। पिछले साल सभी बैरियर की नीलामी 30 करोड़ 83 लाख रुपए का राजस्व हासिल हुआ था।
आबकारी एवं कराधान विभाग के राज्य आयुक्त युनुस ने बताया कि दो दिन की नीलामी प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। इसमें आधा दर्जन बैरियर नीलाम हो चुके हैं, जबकि अभी कांगड़ा और चंबा के नूरपुर बैरियर को नीलाम नहीं किया जा सका है।
कंडवाल बैरियर को नीलामी में लाया गया थ, लेकिन शनिवार को उचित बोली न लगने की वजह से बैरियर को नीलाम नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही इस बैरियर को भी नीलाम करने की आगामी प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
आज ठेकों के नवीनीकरण का आखिरी दिन
आबकारी एवं कराधान विभाग के लिए रविवार का दिन भी मुनाफे वाला साबित हो सकता है। रविवार को शराब के ठेकों के नवीनीकरण का आखिरी दिन है। इसके लिए विभाग के तमाम अधिकारी शनिवार को पूरी तरह से व्यस्त रहे।
आबकारी एवं कराधान राज्य आयुक्त युनुस ने बताया कि जो शराब के ठेके रिन्यू नहीं हो पाएंगे, उन्हें बाद में नीलाम किया जाएगा। इसके लिए नीलामी प्रक्रिया को अपनाया जाएगा।
गौरतलब है कि प्रदेश सरकार ने इस बार शराब के ठेकों की नीलामी से इंकार किया है। ऐसे में इन ठेकों का नवीनीकरण किया जा रहा है। हालांकि जिन ठेकों का नवीनीकरण नहीं हो पाएगा, उन्हें बाद में नीलाम किया जाएगा।
