भटियात – अनिल संबियाल
भटियात की तारागढ़ पंचायत में अपनी मां के हत्या आरोपी को पुलिस ने डल्हौजी कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने उसे 3 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है। पुलिस ने आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
वहीं घटनास्थल से खुखरी भी बरामद की है। आरोपी ने इस तेजधार हथियार से वार कर अपनी मां को मौत के घाट उतारा था। बता दें कि तारागढ़ पंचायत के डांगरी में बीते कल उक्त व्यक्ति ने अपनी मां की हत्या कर दी थी।
आरोपी के पिता ने बताया कि उसका बेटा अक्सर पैसे के लिए अपनी मां माया देवी से झगड़ा करता रहता था। मंगलवार रात करीब 9 बजे वह रसोई में खाना खाकर बकरी बाड़े में सोने चला गया। घर पर उसकी पत्नी और बेटा मंगल बहादुर मौजूद थे।
मंगल बहादुर नशे में था और हमेशा की तरह अपनी मां से झगड़ रहा था। सुबह करीब साढ़े 5 बजे जब वह बकरी बाड़े से उठकर घर आया तो माया देवी को कमरे के दरवाजे के पास मृत पाया। मंगल बहादुर बरामदे को पानी से धो रहा था। उन्होंने बेटे पर हत्या का आरोप लगाया है।
डीएसपी हेमंत ठाकुर के बोल
डीएसपी हेमंत ठाकुर ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि आरोपी को कोर्ट में पेश करने पर 3 दिन का पुलिस रिमांड मिला है। सोमवार को आरोपी को फिर से कोर्ट में पेश किया जाएगा। वहीं वीरवार को महिला के शव का मेडिकल काॅलेज एवं अस्पताल चम्बा में पोस्टमार्टम किया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।

