
नीलामी की तिथि निर्धारित कर स्वयं मौका पर नहीं पहुंचे खनन अधिकारी
ज्वाली- व्यूरो रिपोर्ट
खनन विभाग नूरपुर की टीम द्वारा गत रविवार को कोटला की चंबा सीमा के पास दबिश देते हुए डंप लगाकर अवैध रूप से एकत्रित किया गया करीबन दो हजार ट्राली रेत-बजरी सहित पत्थर को जब्त किया गया था तथा अतिशीघ्र ही उसकी नीलामी करने की बात कही गई थी। उसके उपरांत खनन विभाग द्वारा नीलामी के लिए तीन दिसंबर शनिवार का दिन निर्धारित किया गया था जिसमें बोलीदाता, संबंधित विभाग के कर्मचारी, पुलिस टीम इत्यादि मौका पहुंच गए लेकिन खनन विभाग के माइनिंग ऑफिसर मौका पर नहीं पहुंचे।
बोलीदाता सहित अन्य अधिकारी सारा दिन माइनिंग अधिकारी के आने का इंतजार करते रहे लेकिन शाम तक माइनिंग अधिकारी मौका पर नहीं पहुंवके जिस कारण बोलीदाता सहित अन्य अधिकारियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बोलीदाताओं ने कहा कि अगर खनन विभाग द्वारा नीलामी की तिथि निर्धारित की गई थी तो खनन अधिकारी को मौका पर पहुंचना चाहिए था और अगर किसी कारणवश नहीं आ सकते थे तो उनको इसकी सूचना देनी चाहिए थी ताकि बोलीदाता सहित अधिकारी परेशान न होते।
आखिरकार ऐसा क्यों किया गया, यह समझ नहीं आ रहा है। कई तो इसे राजनीतिक दबाब में समझ किया गया बता रहे हैं ताकि चोर दरवाजे से चहेतों को ही यह रेत-बजरी व पत्थर दिया जा सके। बुद्धिजीवियों अनुसार यह मेटीरियल सत्तासीन पार्टी के चहेतों द्वारा ही एकत्रित किया गया है तथा उनको ही यह मेटीरियल देने की कहीं न कहीं कवायद की जा रही है। बुद्धिजीवियों ने कहा कि अगर इसकी चोर दरवाजे से नीलामी की गई तो खनन विभाग के खिलाफ मोर्चा खोला जाएगा तथा जिलाधीश कांगड़ा के पास शिकायत की जाएगी।
बीडीसी सुरिंदर कुमार का आरोप:
वहीं बीडीसी सुरिंदर कुमार ने भी माइनिंग विभाग द्वारा की जाने वाली नीलामी को सवालों के कटघरे में खड़ा कर दिया है। सुरिंदर कुमार ने आरोप लगाया है कि खनन विभाग द्वारा इसकी सूचना किसी भी जनप्रतिनिधि को नहीं दी गई। उन्होंने कहा कि यह नीलामी भी बड़ा घोटाला है क्योंकि जिलाधीश की अनुमति के बिना ही यह नीलामी रख दी गई थी। सुरिंदर कुमार ने कहा कि मैं स्वयं इसके बारे में जिलाधीश कांगड़ा से मिला था और इसकी शिकायत भी की गई। उन्होंने कहा कि जिलाधीश कांगड़ा ने इस पर संज्ञान लेने का आश्वासन दिया है।
खनन अधिकारी राजीव कालिया के बोल:
जब इस बारे में माइनिंग ऑफिसर राजीव कालिया से बात की गई तो उन्होंने कहा कि शीघ्र ही नई तिथि घोषित कर जब्त किए गए मेटीरियल की बोली लगाई जाएगी।
जिलाधीश कांगड़ा डॉ निपुण जिंदल के बोल:
इस बारे में जिलाधीश कांगड़ा डॉ निपुण जिंदल ने कहा कि मुझसे बीडीसी सुरिंदर कुमार मिले थे और इस संदर्भ में शिकायत पत्र भी दिया था जिसको मैंने माइनिंग विभाग को भेज दिया था। उन्होंने कहा कि शिकायत मिली है तो इस पर संज्ञान लिया जाएगा।
