सतलुज की लहरों पर गूंजेगा ‘संकल्प 2026’ का संदेश, चार राज्यों के 70 NCC कैडेट होंगे शामिल

--Advertisement--

‘संकल्प 2026’ अभियान के तहत सतलुज नदी पर विशेष आयोजन किया जाएगा। इसमें चार राज्यों के करीब 70 एनसीसी कैडेट भाग लेकर देशभक्ति, अनुशासन और सामाजिक जागरूकता का संदेश देंगे।

हिमखबर डेस्क

1 एचपी नेवल यूनिट एनसीसी बिलासपुर के तत्वावधान में ‘सेलिंग एक्सपीडिशन संकल्प 2026’ का आयोजन 8 से 19 सितंबर तक सतलुज नदी एवं गोविंद सागर झील में किया जाएगा। इसकी जानकारी देते हुए यूनिट के कमांडिंग ऑफिसर कमांडर सज्जन कुमार ने बताया कि इस अभियान में पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और चंडीगढ़ से करीब 70 एनसीसी कैडेट्स भाग लेंगे। अभियान के दौरान कैडेट्स द्वारा कुल 330 किलोमीटर की सेलिंग पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है।

अभियान का फ्लैग ऑफ गोविंद सागर झील के तट पर एम्स बिलासपुर के कार्यकारी निदेशक लेफ्टिनेंट जनरल डॉ. दलजीत सिंह, ए वी एस एम, वी एस एम (सेवानिवृत्त) द्वारा किया जाएगा। वे हरी झंडी दिखाकर सेलिंग बोट्स को रवाना करेंगे। कैडेट्स जगतखाना, कालोल, कोसरिया, मंदली, रायपुर मैदान, भाखड़ा आदि स्थानों से होते हुए सेलिंग करते हुए वापस बिलासपुर पहुंचेंगे।

अभियान का उद्देश्य कैडेट्स में साहस, अनुशासन, नेतृत्व, टीम भावना और विपरीत परिस्थितियों में निर्णय लेने की क्षमता विकसित करना है। सेलिंग के दौरान बदलते मौसम, तेज हवाओं, लहरों और अन्य चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों का सामना करते हुए कैडेट्स को नौसैनिक जीवन एवं जलयात्रा की व्यावहारिक जानकारी मिलेगी।

अभियान में एक विशेष सेलिंग बोट केवल महिला कैडेट्स के लिए रखी जाएगी, जो महिला सशक्तिकरण और नारी शक्ति का संदेश देगी तथा बेटियों को चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में आगे बढ़ने और नेतृत्व करने के लिए प्रेरित करेगी।

इस दौरान मानसिक स्वास्थ्य, आत्महत्या की रोकथाम, नशा-विरोधी जागरूकता तथा टीबी मुक्त भारत से जुड़े जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। कैडेट्स के माध्यम से युवाओं और समाज को सकारात्मक सोच अपनाने, मानसिक परेशानियों में समय पर सहायता लेने, नशे से दूर रहने तथा टीबी की रोकथाम और जागरूकता का संदेश दिया जाएगा।

‘सेलिंग एक्सपीडिशन संकल्प’ 330 किलोमीटर की रोमांचक जलयात्रा के साथ साहस, नारी सशक्तिकरण, स्वस्थ जीवन और सामाजिक जागरूकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लेकर आगे बढ़ेगा।

--Advertisement--
--Advertisement--

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

--Advertisement--

Popular

More like this
Related