कांगड़ा में नशा तस्करों पर शिकंजा: इस साल 313 मामले दर्ज, 517 लोगों पर कार्रवाई; 37.84 करोड़ की संपत्ति जब्त, ADC विनय कुमार ने छापामारी अभियान तेज करने के निर्देश दिए।
धर्मशाला – हिमखबर डेस्क
जिला कांगड़ा में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस और प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। इस वर्ष अब तक नशा तस्करी से संबंधित 313 मामले दर्ज किए गए हैं, जबकि 517 लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है।
इनमें 483 पुरुष और 34 महिलाएं शामिल हैं। इसके अलावा नशे के अवैध कारोबार से अर्जित धन से बनाई गई 37.84 करोड़ रुपये की संपत्तियां भी जब्त की गई हैं।
अतिरिक्त उपायुक्त विनय कुमार ने नशा तस्करों के विरुद्ध छापामारी अभियान में तेजी लाने और इस अवैध कारोबार में संलिप्त असामाजिक तत्वों से सख्ती से निपटने के निर्देश दिए।
वह धर्मशाला स्थित एनआईसी सभागार में जिला स्तरीय नार्को कोऑर्डिनेशन सेंटर (NCORD) समिति की मासिक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
उन्होंने बताया कि जब्त की गई संपत्तियों में नूरपुर उपमंडल की 31.72 करोड़ रुपये, कांगड़ा की 5.46 करोड़ रुपये और देहरा उपमंडल की 65.52 लाख रुपये की संपत्तियां शामिल हैं।
पंचायत स्तर पर समितियों को सक्रिय करने के निर्देश
अतिरिक्त उपायुक्त ने सभी एसडीएम को जिला स्तरीय एनसीओआरडी समिति की तर्ज पर उपमंडल स्तर पर भी शीघ्र समितियों का गठन करने के निर्देश दिए। उन्होंने पंचायत स्तर पर गठित समितियों की कार्यप्रणाली पर असंतोष जताते हुए कहा कि इन समितियों को नशा तस्करी से जुड़ी गतिविधियों की सूचना संबंधित अधिकारियों तक सक्रियता से पहुंचानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाना बेहद जरूरी है और इसमें पंचायतों की भूमिका महत्वपूर्ण है।
शिक्षण संस्थानों में सक्रिय होंगे नशा निवारण क्लब
विनय कुमार ने नशे की मांग कम करने के लिए जागरूकता गतिविधियों को प्रभावी ढंग से चलाने पर भी जोर दिया। उन्होंने जिले के सभी सरकारी और निजी उच्च शिक्षण संस्थानों में गठित नशा निवारण क्लबों को सक्रिय करने तथा विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्कूलों में नशे से संबंधित गतिविधियों की सूचना देने के लिए आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112 की जानकारी वाली पट्टिकाएं लगाने को कहा। साथ ही संबंधित विभागों को विभिन्न प्रचार माध्यमों से एंटी चिट्टा अभियान का संदेश नियमित रूप से प्रसारित करने और आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
ये रहे मौजूद
बैठक में एसीपी आरपी जसवाल, जिला पंचायत अधिकारी सचिन, एसडीएम धर्मशाला मोहित, डीएसपी जेल संजीव कुमार, उपनिदेशक अजय समयाल एवं बलविन्दर गुलेरिया, एचआरटीसी से सुनील कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी (चिकित्सा) डॉ. अनुराधा, टांडा मेडिकल कॉलेज से डॉ. सुखजीत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

