
हमीरपुर – अनिल कपलेश
जिला हमीरपुर के भोरंज उपमंडल के जवाहर नवोदय विद्यालय डुंगरी में सातवीं कक्षा के छात्रों को पीटने के मामले में रविवार को आरोपित शिक्षक प्रकाश चंद से थाना भोरंज में दिनभर पूछताछ हुई। थाना प्रभारी सूरम सिंह ने शिक्षक से पूछताछ की।
सामाजिक विज्ञान विषय के शिक्षक प्रकाश चंद ने पुलिस के समक्ष बताया कि सातवीं कक्षा के छात्र रात के समय शोर कर रहे थे। इस पर पहले तो उन्हें समझाया गया लेकिन उन्होंने फिर शोर किया और एक-दूसरे पर चप्पल मारना शुरू कर दिया, इसी कारण उनकी पिटाई की गई।
दूसरी तरफ बच्चों के अभिभावकों ने पुलिस के समक्ष कहा कि बच्चों को बड़ी मुश्किल से जवाहर नवोदय विद्यालय में पढ़ाई की आदत डाली जा रही है। यदि अध्यापक छात्रों को डंडे से पीटेंगे तो फिर वे डर के मारे स्कूल के हास्टल में रहना पसंद नहीं करेंगे। बच्चों के शरीर पर गहरे घाव हैं। शिक्षक के खिलाफ पुलिस थाना भोरंज में पिटाई करने का मामला दर्ज है तथा पुलिस जांच में जुटी है।
