शाहपुर के लॉरेंस पब्लिक स्कूल के वार्षिक समारोह में उपमुख्य सचेतक एवं विधायक केवल सिंह पठानिया ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की, मेधावी विद्यार्थियों को बधाई दी और युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान किया।
शाहपुर 31 अक्टूबर – नितिश पठानियां
शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने शनिवार को शाहपुर स्थित लॉरेंस पब्लिक स्कूल के वार्षिक समारोह में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।
समारोह का शुभारंभ गणेश प्रतिमा के समक्ष द्वीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर उन्होंने भारत की पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि पर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि भी दी।
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए केवल सिंह पठानिया ने कहा कि जीवन में निर्धारित लक्ष्यों को हासिल करने के लिए कड़ी मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास बेहद जरूरी हैं। शिक्षा व्यक्ति के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है।
विद्यार्थी जीवन में अर्जित ज्ञान, संस्कार और अनुभव जीवनभर सही दिशा प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ अपने व्यक्तित्व विकास पर भी विशेष ध्यान देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में अहम भूमिका निभाती हैं। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को अपनी प्रतिभा और रचनात्मक क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है।
पठानिया ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि वार्षिक समारोह विद्यार्थियों की वर्षभर की मेहनत, लगन और उपलब्धियों को सम्मानित करने का महत्वपूर्ण अवसर है। ऐसे आयोजन बच्चों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने के साथ उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित करते हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के प्रति समर्पित रहने और नशे जैसी सामाजिक बुराई से सदैव दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रदेशभर में नशे के विरुद्ध व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान को सफल बनाने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता आवश्यक है।
उन्होंने लोगों से नशे से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी पुलिस प्रशासन के साथ साझा करने तथा बच्चों को नशे से बचाने के लिए जागरूकता फैलाने की अपील की।
इस अवसर पर स्कूल के डायरेक्टर यतिन महाजन ने मुख्यातिथि को शॉल, टोपी एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। वहीं, विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती नीलोफर एस. महाजन ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत कर स्कूल की वर्षभर की उपलब्धियों एवं गतिविधियों की जानकारी दी।
समारोह में नन्हे-मुन्ने बच्चों सहित विद्यार्थियों ने मनमोहक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया।
ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीत सिंह राणा, गोरडा पंचायत प्रधान विक्रांत सिंह, शाहपुर के पार्षद विजय गुलेरिया, पूर्व जिला परिषद सदस्य रितिका शर्मा, राजीव उपमन्यु, कुलदीप नाग, सुशील शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षक, अभिभावक एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

