हिमाचल में आंगनबाड़ी के 16 पदों पर निकली भर्ती, 7 नवंबर तक करें आवेदन; 19 और 20 नवंबर को इंटरव्यू
आनी/कुल्लू – हिमखबर डेस्क
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के आनी क्षेत्र में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका के रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। बाल विकास परियोजना अधिकारी आनी ने पात्र महिला अभ्यर्थियों से कुल 16 पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इनमें आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के 6 और आंगनबाड़ी सहायिका के 10 पद शामिल हैं।
बाल विकास परियोजना अधिकारी ने बताया कि विभाग ने भर्ती के लिए निर्धारित अनिवार्य योग्यता के तहत वार्षिक आय सीमा में बढ़ोतरी की है।
पहले यह सीमा 50 हजार रुपये थी, जिसे अब बढ़ाकर 75 हजार रुपये कर दिया गया है। इस बदलाव के बाद इच्छुक महिला अभ्यर्थी 7 नवंबर 2026 को शाम 5 बजे तक अपने आवेदन संबंधित कार्यालय में जमा करवा सकती हैं।
इन आंगनबाड़ी केंद्रों में भरे जाएंगे कार्यकर्ता के पद
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के 6 पद ग्राम पंचायत आनी के आंगनबाड़ी केंद्र शाई और लामीसेरी, ग्राम पंचायत तांदी के केंद्र तांदी, ग्राम पंचायत विनन के केंद्र विनन, ग्राम पंचायत विशलाधार के केंद्र डिगेढ़ तथा ग्राम पंचायत करशाईगाड़ के केंद्र देउरी में भरे जाएंगे।
सहायिका के 10 पदों पर भी होगी भर्ती
आंगनबाड़ी सहायिका के पद ग्राम पंचायत लझेरी के केंद्र डीम, आनी के केंद्र लामीसेरी, देऊठी के केंद्र डोहवी, बटाला के केंद्र चौकी, खणी के केंद्र गुणामार, कराणा के केंद्र जाबो, करशैईगाड़ के केंद्र बालू और देउरी, लगौटी के केंद्र कुआ तथा कराड़ के केंद्र शलावल में भरे जाएंगे।
19 और 20 नवंबर को होंगे साक्षात्कार
बाल विकास परियोजना अधिकारी ने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के पदों के लिए 19 नवंबर 2026 को साक्षात्कार आयोजित किए जाएंगे, जबकि आंगनबाड़ी सहायिका के पदों के लिए 19 और 20 नवंबर 2026 को साक्षात्कार होंगे। सभी साक्षात्कार सुबह 10 बजे से उपमंडलाधिकारी (नागरिक) कार्यालय आनी में आयोजित किए जाएंगे।
इच्छुक एवं पात्र महिला अभ्यर्थी निर्धारित तिथि से पहले अपने आवेदन जमा करवाकर भर्ती प्रक्रिया में भाग ले सकती हैं।

